हिंदी
देहरादून: पंचायत चुनाव में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों को मिली जीत से पार्टी में जश्न का माहौल है। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने शुक्रवार को देहरादून में प्रेसवार्ता की। उन्होंने कांग्रेस के पक्ष में भारी मतदान के लिए राज्य की जनता का आभार जताया।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने कहा कि कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों ने कई जिलों में बड़ी जीत दर्ज की है। देहरादून, पौड़ी, चमोली जैसे जिलों में कांग्रेस ने उम्दा प्रदर्शन किया है।
Pauri Panchaayat chunav: युवाओं का राजनीति में रुझान, पाबौ ब्लाक की बीटेक पास साक्षी बनी प्रधान
माहरा ने कहा कि कांग्रेस की यह जीत "गांव सरकार में वापसी" का संकेत है। पंचायत चुनाव में उत्तराखंड की जनता ने कांग्रेस को अपना आशीर्वाद दिया और आगे के लिए अपना रूख साफ किया है।
माहरा ने कहा कि हाईकोर्ट से सरकार और निर्वाचन आयोग की किरकिरी हो चुकी है। भाजपा के वरिष्ठ नेता तो अपने ही बूथ पर हारे हैं, और हार के बावजूद भी भाजपा कर मिष्ठान वितरण कर रही है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी अपनी प्रमुख सीटों पर चुनाव जीत नहीं पाए। भाजपा के वरिष्ठ नेता, विधायक, पूर्व कैबिनेट मंत्रियों के परिजन चुनाव हारे हैं जिससे इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है कि बीजेपी के प्रति जनता का मत क्या है।
करण माहरा ने कहा कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट अपना बूथ नहीं बचा पाए। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव में भाजपा ने कई हथकंडे अपनाए। धन बल और छल बल के आधार पर भाजपा ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत अध्यक्ष बनाने में कामयाब होती है तो सीधा लोकतंत्र की हत्या होगी।
भाजपा की नीतियों से जनता त्रस्त है। 2027 में निश्चति रूप् से कांग्रेस की सरकार आएगी। पूरा प्रदेश कांग्रेस की तरफ उम्मीद भरी नजरों से देख रहा है।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना और महानगर कांग्रेस अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा।
Location : Dehradun
Published : 1 August 2025, 6:20 PM IST