हिंदी
शादी के तीन साल बाद खौफनाक अंत (Img- Internet)
Rudrapur: उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर से एक बेहद हैरान और विचलित करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ के किरतपुर कोलड़ा इलाके में 24 वर्षीय एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान मुन्नी के रूप में हुई है, जिसकी शादी महज तीन साल पहले हुई थी।
इस घटना के बाद से ही इलाके में हड़कंप मच गया है। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके वाले भी मौके पर पहुँच गए और उन्होंने मुन्नी की मौत को सामान्य मानने से साफ इनकार करते हुए हत्या की गंभीर आशंका जताई है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम आनन-फानन में मौके पर पहुँची। पुलिस जब कमरे के भीतर दाखिल हुई, तो वहाँ मुन्नी का शव पड़ा हुआ था। शुरुआती जांच में शव की स्थिति देखकर कई तरह के सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस के मुताबिक, मुन्नी के शव में पूरी तरह अकड़न आ चुकी थी और उसके मुंह तथा नाक से सफेद झाग निकल रहा था।
हालांकि, पहली नजर में मृतका के शरीर पर बाहरी चोट का कोई भी निशान नहीं पाया गया है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के असली कारणों का खुलासा हो सके।
जसपाल राणा के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़: बेटे के गम में मां का भी निधन, शोक में डूबा उत्तराखंड
मृतका के पिता मोहन चंद भट्ट, जो अल्मोड़ा जनपद के दन्या के रहने वाले हैं, उन्होंने बताया कि तीन साल पहले उन्होंने अपनी बेटी मुन्नी का विवाह किरतपुर कोलड़ा निवासी हरीश पांडे के साथ बड़े ही अरमानों से किया था। उन्होंने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब एक बजे मुन्नी की ननद का उनके पास फोन आया, जिसने सिर्फ इतना कहा कि मुन्नी की तबीयत बहुत ज्यादा खराब है और वे लोग तुरंत पहुँचें। पिता जब घबराए हुए अपनी बेटी की ससुराल पहुँचे, तो वहाँ मुन्नी की सांसें थम चुकी थीं और घर में कोहराम मचा था। बेटी का बेजान शरीर देख पिता का कलेजा फट गया।
इस पूरे मामले में जब पुलिस ने ससुराल वालों से पूछताछ की, तो एक नई कहानी सामने आई। ससुराल पक्ष का दावा है कि मंगलवार सुबह मुन्नी ने अचानक गले, सीने और पीठ में तेज दर्द की शिकायत की थी। इसके बाद उसे आनन-फानन में दानपुर स्थित एक स्थानीय बंगाली क्लीनिक ले जाया गया। वहाँ डॉक्टरों ने उसे कुछ दवाइयां और इंजेक्शन दिए और करीब दो घंटे तक भर्ती रखा।
जब मुन्नी ने थोड़ा सुधार बताया, तो वे उसे वापस घर ले आए। लेकिन दोपहर बाद अचानक उसकी तबीयत फिर से बिगड़ गई, जिसके बाद उसे रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल, कोतवाल प्रकाश सिंह दानू का कहना है कि पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Location : Rudrapur
Published : 17 June 2026, 4:11 PM IST