हिंदी
जसपाल राणा के निधन के 4 दिन बाद मां ने भी छोड़ा संसार (Img- Internet)
Dehradun: भारतीय निशानेबाजी जगत और दिग्गज शूटर व कोच जसपाल राणा के परिवार से एक और बेहद हृदयविदारक खबर सामने आई है। अपने लाडले बेटे जसपाल राणा के अचानक हुए निधन के गहरे सदमे और गम से उबर नहीं पाने के कारण उनकी मां श्यामा देवी राणा का भी निधन हो गया है। उन्होंने देश की राजधानी नई दिल्ली के एक प्रतिष्ठित आर्मी अस्पताल में अंतिम सांस ली।
द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित नारायण सिंह राणा की धर्मपत्नी श्यामा देवी राणा (78 वर्ष) पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं और अस्पताल में उनका इलाज जारी था। लेकिन 12 जून को हुए जसपाल राणा के असमय निधन की खबर ने उन्हें झकझोर कर रख दिया, जिसके बाद उनकी तबीयत और ज्यादा बिगड़ गई थी।
मां श्यामा देवी के जाने से शोक संतप्त राणा परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। महज चार दिनों के भीतर परिवार के दो अहम सदस्यों के चले जाने से पूरा खेल जगत और उत्तराखंड स्तब्ध है। मूल रूप से उत्तराखंड के टिहरी जिले के चिलामू गांव के निवासी जसपाल राणा भारत के पिस्टल निशानेबाजों के लिए 'हाई-परफॉर्मेंस कोच' के रूप में देश की सेवा कर रहे थे।
जसपाल राणा के निधन से टूटीं मनु भाकर, कोच को अंतिम विदाई देते वक्त छलक पड़े आंसू
उन्होंने देश को कई बेहतरीन शूटर दिए। उनके पिता नारायण सिंह राणा भी खेल जगत की एक जानी-मानी शख्सियत हैं। इस दोहरे बज्रपात से पूरा परिवार इस समय गहरे सदमे और कश्ट में है, और उनके शुभचिंतक ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।
गौरतलब है कि म्यूनिख में आयोजित आईएसएसएफ (ISSF) विश्व कप से भारत लौटते समय जसपाल राणा अचानक असहज महसूस कर रहे थे। सफर के दौरान उन्हें सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई थी, जिसके तुरंत बाद उन्हें दिल्ली के एक सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में उनकी स्टेंट सर्जरी भी की गई थी। सर्जरी के बाद वे धीरे-धीरे रिकवर हो रहे थे और डॉक्टरों को उम्मीद थी कि वे जल्द ठीक हो जाएंगे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। अचानक उनके निधन की खबर ने पूरे देश को रुला दिया।
दिग्गज शूटर जसपाल राणा ने कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स में लगाया था पदकों का अम्बार
महज 18 साल की छोटी सी उम्र में विश्व रिकॉर्ड बनाकर पूरी दुनिया को चौंकाने वाले जसपाल राणा ने राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों में हमेशा भारत का परचम बुलंद रखा। उन्हें भारतीय निशानेबाजी का एक मजबूत स्तंभ माना जाता था।
खेल से संन्यास लेने के बाद भी वे बतौर कोच देश के युवा निशानेबाजों को तराशने में जुटे हुए थे। उनके जाने के बाद से ही खेल प्रेमी दुखी थे और अब उनकी मां के चले जाने से इस दुखद घटना ने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं।
Location : Dehradun
Published : 16 June 2026, 3:39 PM IST