हिंदी
रामनगर कोतवाली पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 25 ग्राम स्मैक और 64 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी पर पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अन्य जनपदों में भी आपराधिक इतिहास खंगाल रही है।
नशे के खिलाफ अभियान में बड़ी कार्रवाई
Ramngar: उत्तराखंड के रामनगर कोतवाली पुलिस ने अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चरस और स्मैक के साथ एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शुक्रवार सुबह की गई, जब पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी।
घटना की जानकारी देते हुए सीओ सुमित पांडे ने बताया कि शुक्रवार सुबह कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मालधन चौकी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार अपनी टीम के साथ मोहल्ला गूलरघटटी क्षेत्र में नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान पुलिस टीम को इलाके में रहने वाला दीपक कश्यप उर्फ काली दिखाई दिया।
पुलिस को देखते ही आरोपी घबराकर भागने लगा, जिससे टीम को शक हुआ। पुलिस ने तत्काल उसका पीछा किया।
सीओ के अनुसार, भागते समय आरोपी अपनी जेब में रखी चरस और स्मैक को फेंकने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 25 ग्राम स्मैक और 64 ग्राम चरस बरामद की गई।

Nainital: रामनगर में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, मिलावटखोरों में मचा हड़कंप
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। सीओ सुमित पांडे ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रामनगर कोतवाली में पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन मुकदमे दर्ज हैं।
इसके अलावा पुलिस अन्य जनपदों में भी आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा तो नहीं है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। युवाओं को नशे से बचाने और अपराध पर लगाम लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि ऐसे अभियानों से क्षेत्र में नशे के कारोबार पर अंकुश लगेगा।