Nainital News: दिन में टूरिस्ट, रात में चोर… नैनीताल घूमने आए युवकों का “काला खेल”

हल्द्वानी और मुखानी क्षेत्रों में लगातार हो रही चोरी की वारदातों का पुलिस ने खुलासा कर दिया। हरिद्वार की सपेरा बस्ती के तीन युवकों को गिरफ्तार कर पुलिस ने करीब पच्चीस लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने और धातु के सामान बरामद किए। एसएसपी नैनीताल ने टीम को पुरस्कृत किया।

Nainital: नैनीताल पुलिस ने उन चोरी की वारदातों का राज खोल दिया है, जिनके कारण हल्द्वानी और मुखानी क्षेत्र के लोग कई दिनों से परेशान थे। पुलिस ने तीन ऐसे युवकों को गिरफ्तार किया है, जो हरिद्वार की सपेरा बस्ती से यहां आए थे और घूमने-फिरने के नाम पर बंद घरों की रेकी कर लाखों के आभूषण समेट रहे थे। पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी के साथ करीब पचीस लाख रुपये के गहने और धातु के बर्तन बरामद किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मन्जुनाथ टीसी ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए पूरी टीम को पुरस्कृत भी किया है।

मनोज कुमार जोशी का बयान

मामला तब सामने आया जब हरिपुर मोतिया क्षेत्र में रहने वाले मनोज कुमार जोशी अपनी पारिवारिक वजह से कोटाबाग गए हुए थे। इसी दौरान उनके घर का ताला तोड़कर चोरों ने अलमारी में रखे सोने चांदी के आभूषण गायब कर दिए। वापसी पर चोरी का पता लगते ही उन्होंने हल्द्वानी कोतवाली में रिपोर्ट लिखाई। यह घटना सामने आने के कुछ ही दिनों बाद मुखानी क्षेत्र से भी चोरी की शिकायत दर्ज हुई, जिसमें बताया गया कि ताला तोड़कर घर से चार हजार रुपये, एक घड़ी, एक हेलमेट और एक पायल ले जाई गई है।

लगातार दो वारदातें होने पर एसएसपी ने तत्काल विशेष जांच टीम गठित की। टीम ने दोनों स्थानों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। फुटेज में दो युवक हरिद्वार नंबर की बाइक से बार-बार घूमते दिखाई दिए। पुलिस ने इस सुराग को पकड़कर जांच को आगे बढ़ाया। इलाके के लोगों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच तेज हुई और आखिरकार संयुक्त टीम ने बेल बाबा मंदिर के पास तीनों संदिग्धों को दबोच लिया। तलाशी में चोरी के कई गहने, चांदी के कटोरे, पायल, बिछुवे, चूड़ियां, मंगलसूत्र, पीली धातु के दाने और अन्य सामग्री मिली, जिनकी कीमत लगभग पचीस लाख रुपये आंकी गई।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे हरिद्वार की पथरी थाना क्षेत्र स्थित सपेरा बस्ती के निवासी हैं। तीनों प्रदीपनाथ उर्फ मंदीप, गुरविंदर और रोहितास उर्फ पोपे उर्फ बासु हल्द्वानी घूमने आए थे और टीपी नगर के एक होटल में ठहरकर दिन में इलाकों की निगरानी करते थे। रात को मौका पाकर बंद घरों को निशाना बनाते थे। इनमें से गुरविंदर का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जो रायपुर और डोईवाला में पहले चोरी के मामलों में पकड़ा जा चुका है। बाकी दो के पुराने रिकॉर्ड की जांच जारी है।

गिरोह को पकड़ने में सफलता हासिल

इस कार्रवाई में कोतवाली हल्द्वानी और मुखानी थाने की संयुक्त टीम शामिल रही। टीम में कई उपनिरीक्षक, कांस्टेबल और तकनीकी सेल के कर्मचारी लगे रहे, जिन्होंने लगातार निगरानी, पूछताछ और प्रमाण जुटाने के बाद इस गिरोह को पकड़ने में सफलता हासिल की।

पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी

मामले के खुलासे के बाद एसएसपी ने टीम को ढाई हजार रुपये का इनाम देकर सम्मानित किया। यह गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी मानी जा रही है, क्योंकि पिछले कुछ समय से इस तरह की वारदातों ने शहरवासियों को डरा रखा था। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि क्या यह गिरोह अन्य शहरों में भी चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है।

Location :  Nainital

Published :  10 May 2026, 1:53 PM IST

Advertisement