Nainital: मोबाइल में छिपा था राज! विवाहिता आत्महत्या मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, फोन भी बरामद

नैनीताल के लालकुआं क्षेत्र में विवाहिता की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी आशिक अली को गिरफ्तार किया है। मृतका के परिवार ने आपत्तिजनक फोटो-वीडियो के जरिए ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया था। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल भी बरामद किया है।

Nainital: उत्तराखंड के नैनीताल जिले के लालकुआं क्षेत्र के गंगापुर कबडाल, मोटाहल्दू में विवाहिता की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी आशिक अली को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से वह मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाने व भेजने में किया गया था। आरोपी को 26 सितंबर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

6 अगस्त को हुई थी विवाहिता की मौत

मामला 6 अगस्त 2026 का है। ग्राम गंगापुर कबडाल निवासी एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद मृतका के पिता राजेंद्र प्रसाद, निवासी मुक्तेश्वर, ने लालकुआं थाने में तहरीर देकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के मुताबिक, मृतका का उसके पति के हेल्पर आशिक अली से मोबाइल फोन के जरिए संपर्क था और उसका घर पर भी आना-जाना था।

ये भी पढ़ें: 36 घंटे से हो रही बारिश ने रोकी नैनीताल की रफ्तार; सड़कें बंद और बिजली गुल; ठंड ने भी बढ़ाई परेशानी

फोटो-वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का आरोप

मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि आशिक अली ने आपत्तिजनक फोटो और वीडियो के जरिए उनकी बेटी को ब्लैकमेल किया। इससे वह मानसिक रूप से परेशान थी और इसी के बाद उसने आत्महत्या कर ली।

शिकायत में साहिब अली और देवेश गंगवार पर मृतका के पति विजय पलड़िया को कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया था। शिकायत के आधार पर लालकुआं थाने में मुकदमा संख्या 146/2026 दर्ज किया गया।

ये भी पढ़ें: रुपये के लिए प्रताड़ना या हादसा? आगरा में राजा की मौत, बीवी समेत 3 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी आशिक अली की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि इसी फोन का इस्तेमाल आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाने तथा भेजने के लिए किए जाने का आरोप है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशिक अली पुत्र मशरूफ अली, निवासी बेरहम नगर, थाना शेरगढ़, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी गुमटी, हल्दूचौड़ के रूप में हुई है।

ये भी पढ़ें: Muzaffarnagar News: घर लौट रहे किसान की गोली मारकर हत्या, आरोपियों की तलाश में 3 पुलिस टीमें गठित

दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी

मामले में साहिब अली और देवेश गंगवार की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच जारी है। पुलिस दोनों के खिलाफ लगाए गए धमकी और अन्य आरोपों से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। दोनों फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है।

पुलिस टीम में चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी, कांस्टेबल गुरमेज सिंह और कांस्टेबल कुबेर सिंह शामिल रहे।

Location :  Nanital

Published :  27 September 2026, 6:55 PM IST

Related News

Advertisement