हिंदी
नैनीताल के रामनगर में शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक वन विभाग की बुलेरो और अर्टिका कार में आमने–सामने की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। जिसमें एक वनकर्मी की मौत और 3 लोग घायल हो गए। घायलों का संयुक्त चिकित्सालय रामनगर में इलाज चल रहा है।
रामनगर–नेशनल हाई-वे सड़क हादसा
Nainital: रामनगर–नेशनल हाई-वे पर पीरूमदारा के पास शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया जिसमें वनकर्मी की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मृतक की पहचान वनकर्मी मनीष बिष्ट (35 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना सुबह तीन बजे की है। वनकर्मी मनीष की मौत से वन विभाग में शोक की लहर है। उनके घर में भी कोहराम मचा हुआ है। मनीष अपने पीछे एक पुत्र और परिवार को छोड़ गए हैं।
जानकारी के अनुसार तड़के सुबह अवैध कटान की सूचना पर जा रहे वन विभाग की बुलेरो वाहन और आर्टिका कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गये। जिससे ड्राइवर सीट पर बैठे वनकर्मी मनीष बिष्ट की मौके पर ही मौत हो गई।
मनीष बिष्ट पुत्र नारायण सिंह बिष्ट, मूल रूप से रामनगर के चिल्लकिया क्षेत्र के रहने वाले थे और वन विभाग, तराई पश्चिमी वन प्रभाग में ड्राइवर के पद पर तैनात थे।
दुर्घटना में क्षतिग्रस्थ वाहन
आज तड़के उन्हें आमपोखरा रेंज में अवैध कटान और तस्करों की गतिविधि की सूचना मिली थी, जिसके बाद वह रामनगर से हल्दुआ चौकी में अन्य वनकर्मियों को लेने के लिए बुलेरो वाहन लेकर निकले थे। इसी दौरान पिरूमदारा के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार एर्टिका कार ने रॉन्ग साइड में आकर उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में एर्टिका कार में सवार तीन लोग—सुशीला देवी (60 वर्ष), पत्नी राधे राम, निवासी पौड़ी गढ़वाल, आनंद बल्लभ जोशी निवासी इंद्रपुरण, गाज़ियाबाद धर्मेंद्र सिंह पुत्र गोपाल सिंह निवासी थैलिसैण, पौड़ी गढ़वाल घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से संयुक्त चिकित्सालय रामनगर लाया गया।
नैनीताल में ठंड बढ़ते ही प्रशासन सतर्क, बेघर और असहायों के लिए राहत इंतजाम तेज
डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए सुशीला देवी और आनंद बल्लभ जोशी को हायर सेंटर रेफर कर दिया,वही धर्मेंद्र सिंह को हल्की चोटें आई थीं, उन्होंने प्राथमिक उपचार के बाद स्वयं बाहर उपचार के लिए जाने का निर्णय लिया, हालांकि डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती होने की सलाह दी थी।
घटनास्थल पर पहुंचे रेंज अधिकारी पूरन सिंह खनायत ने बताया कि तड़के तस्करों की हरकतों को देखते हुए मनीष अन्य वनकर्मियों को लेने के लिए जा रहे थे, तभी सामने से आई एर्टिका कार तेज रफ्तार में रॉन्ग साइड से आ गई और टक्कर हो गई। उन्होंने बताया कि मनीष विभाग के समर्पित और कर्तव्यनिष्ठ कर्मचारियों में से एक थे।
संयुक्त चिकित्सालय के CMS डॉ. विनोद कुमार टम्टा ने कहा कि कुल चार लोग अस्पताल लाए गए थे, जिनमें एक को मृत घोषित किया गया। दो मरीजों को हायर सेंटर भेजा गया और एक घायल प्राथमिक उपचार के बाद घर भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि मौके पर पहुंचकर वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।