हिंदी
घटनास्थल की तस्वीर (Img- Internet)
Lohaghat: उत्तराखंड के लोहाघाट में मरोड़ा खान और बंतोली के बीच हुए भीषण कार हादसे में अब एक ऐसा चौंकाने वाला प्रशासनिक मामला सामने आया है, जो सीधे तौर पर नेशनल हाईवे अथॉरिटी और सुरक्षा इंतजामों को कटघरे में खड़ा करता है। इस दिल दहला देने वाले हादसे में काठगोदाम से पिथौरागढ़ जा रही एक नई कार गहरी खाई में जा गिरी, जिससे सीआरपीएफ (CRPF) जवान बलदेव कुमार और उनके सगे भाई राजेंद्र कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
शुरुआती तफ्तीश और ग्राउंड जीरो से मिली अपडेट के मुताबिक, यह हादसा सिर्फ एक सामान्य अनियंत्रित वाहन दुर्घटना नहीं था, बल्कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने दो क्रैश बैरियरों के बीच छूटा वह 'जानलेवा गैप' था, जो इस हंसते-खेलते परिवार के लिए काल बन गया।
हादसे के बाद प्रशासनिक टीम और एसडीआरएफ (SDRF) द्वारा किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद जो तकनीकी चूक सामने आई है, वह बेहद हैरान करने वाली है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर मोड़ के पास सुरक्षा के लिहाज से क्रैश बैरियर तो लगाए गए थे, लेकिन दोनों बैरियरों के बीच एक बड़ा गैप (दूरी) छूटा हुआ था।
दुर्भाग्य से अनियंत्रित हुई नई कार ठीक उसी खाली जगह से नीचे गहरी खाई में समा गई। अगर वहां बैरियर आपस में जुड़े होते, तो शायद कार उनसे टकराकर रुक जाती और दो सगे भाइयों की जान बच सकती थी। अब एडीएम केएन गोस्वामी और एसडीएम नीतू डांगर की अगुवाई में टीम इस बात की जांच कर रही है कि इस जानलेवा लापरवाही का जिम्मेदार कौन है।
देवभूमि उत्तराखंड से यूपी लौट रहा था 28 लोगों का परिवार, भगवान को था कुछ और मंजूर…
इस खौफनाक हादसे का सबसे मार्मिक और भावुक पहलू अस्पताल के भीतर देखने को मिल रहा है। बलदेव कुमार की घायल पत्नी नीतू उप जिला चिकित्सालय के स्ट्रेचर पर गंभीर हालत में लेटी हैं। वह शारीरिक दर्द से ज्यादा मानसिक रूप से तड़प रही हैं और बार-बार रोते हुए अपने पति बलदेव और जेठ राजेंद्र के बारे में पूछ रही हैं।
डॉक्टरों और वहां मौजूद लोगों ने बेहद भारी मन से उनसे यह खौफनाक सच छुपा कर रखा है कि दोनों अब इस दुनिया में नहीं हैं। नीतू को दिलासा देने के लिए लोगों ने उनके घायल बच्चे अक्षिता और आरव का चेहरा दिखाया, जिन्हें सिर और पैर में चोटें आई हैं। बच्चों को सुरक्षित देख नीतू कुछ पल के लिए शांत तो हुईं, लेकिन उनकी सिसकियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं।
नीतू ने रोते हुए बताया कि वे सभी सुबह सात बजे काठगोदाम स्थित सीआरपीएफ आवास से बेहद खुश होकर कनालीछीना (पिथौरागढ़) के लिए निकले थे। अभी पिछले महीने ही हल्द्वानी से उन्होंने यह नई कार खरीदी थी। पूरे रास्ते कार के भीतर हंसी-मजाक का माहौल था और बच्चे नए सफर को लेकर बेहद उत्साहित थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
उत्तराखंड कैबिनेट का महाफैसला: सीएम धामी ने लिए 12 बड़े निर्णय, उपनल कर्मियों को मिली ये बड़ी सौगात
हादसे की खबर मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीणों की भीड़ अस्पताल में घायलों की मदद के लिए उमड़ पड़ी। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हाईवे के इस खतरनाक ब्लैक स्पॉट को अस्थायी रूप से बंद करने की कवायद शुरू कर दी गई है।
Location : Lohaghat
Published : 20 June 2026, 10:38 AM IST