हिंदी
केदारनाथ मार्ग पर कुदरत का कहर (Img- Dynamite News)
Sonprayag: उत्तराखंड के पहाड़ों में लगातार जारी मूसलाधार बारिश आफत बनकर बरस रही है। केदारनाथ धाम यात्रा के मुख्य पड़ाव सोनप्रयाग के पास भीषण भूस्खलन होने से यात्रा मार्ग पूरी तरह ठप हो गया है।
पहाड़ से गिरे मलबे और चट्टानों ने बाबा केदार के दर्शन को जा रहे हजारों श्रद्धालुओं के कदमों को रोक दिया है, जिससे दोनों ओर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया है।
मार्ग बंद होते ही सोनप्रयाग और उसके आसपास का इलाका श्रद्धालुओं की गाड़ियों और पैदल यात्रियों की लंबी कतारों से पट गया। बारिश की परवाह किए बिना अपनी बारी का इंतजार कर रहे शिवभक्तों की चिंता बढ़ती जा रही है।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन केवल सोनप्रयाग और मुनकटिया के पास बेहद एहतियात के साथ श्रद्धालुओं को पैदल रास्ता पार करवा रहा है, ताकि कोई अनहोनी न हो।
NDRF-SDRF की टीम (Img- Dynamite News)
रास्ता साफ करने के लिए आपदा प्रबंधन की पूरी फौज मैदान में उतर चुकी है। NDRF, SDRF, पुलिस, होमगार्ड और स्थानीय प्रशासन के जवान मौके पर मुस्तैद हैं। भारी मशीनों के जरिए मलबे और विशाल पत्थरों को हटाने का काम दिन-रात जारी है। संवेदनशील इलाकों में खतरे को देखते हुए जवानों द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है।
Chardham Yatra: सोनप्रयाग से यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्ग तैयार, आवाजाही सुचारु
प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए श्रद्धालुओं से धैर्य रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा बलों के निर्देशों का पालन करना ही इस समय सबसे सुरक्षित विकल्प है। मौसम के मिजाज को देखते हुए श्रद्धालुओं को यात्रा शुरू करने से पहले ताजा स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
Location : Sonprayag
Published : 4 August 2026, 11:58 AM IST