हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Img- Pinterest)
Haridwar: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से धोखाधड़ी, रेप और दहेज उत्पीड़न का एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसने रिश्तों के भरोसे को तार-तार कर दिया है। रुड़की के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक युवती का रिश्ता पथरी थाना क्षेत्र के सुकरासा निवासी शुभम से तय हुआ था।
सगाई से पहले आरोपी के परिवार ने बड़े-बड़े दावे करते हुए उसे नामी बहुराष्ट्रीय कंपनी (MNC) में बड़ा अधिकारी (सुपरवाइजर) बताया था। झांसे में आए लड़की पक्ष ने 24 मई को पूरे धूमधाम से सगाई की, जिसमें करीब दो लाख रुपये खर्च कर सोने की अंगूठी व उपहार दिए गए। शादी इसी साल नवंबर 2026 में होना तय हुई थी।
सगाई के कुछ ही दिनों बाद आरोपी की असली नीयत उजागर होने लगी। 31 मई को जब पीड़िता के माता-पिता खरीदारी के लिए बाजार गए थे, तभी शुभम चुपके से युवती के घर में दाखिल हो गया।
आरोप है कि शादी का झांसा देकर उसने युवती के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। जब पीड़िता ने इस घिनौने कृत्य का विरोध किया, तो आरोपी ने शादी तोड़ने और उसे जान से मारने की धमकी देकर मुंह बंद रहने पर मजबूर कर दिया।
जैसे-जैसे शादी की तारीख करीब आई, आरोपी परिवार का लालच और बढ़ता चला गया। 30 अगस्त को शुभम अपने परिजनों के साथ युवती के घर पहुंचा और शादी की एवज में लग्जरी कार, महंगा फर्नीचर और दो लाख रुपये नकद दहेज की अड़ंगदार मांग रख दी।
जब पीड़िता के परिजनों ने इतनी बड़ी मांग पूरी करने में अपनी लाचारी जताई, तो आरोपियों ने उनके साथ अभद्रता व गाली-गलौज करते हुए रिश्ता तोड़ दिया और शादी करने से साफ इनकार कर दिया।
रिश्ता टूटने के बाद जब पीड़िता के परिजनों ने लड़के के बारे में गहराई से पड़ताल की, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। जिसे वे एमएनसी का बड़ा अफसर समझ रहे थे, वह उसी कंपनी में महज एक सामान्य लेबर (मजदूर) का काम करता था। धोखाधड़ी का अहसास होते ही पीड़िता ने मंगलौर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी मंगेतर शुभम, उसके पिता राजकुमार, मां रेखा, भाई आशीष और बहन प्रियंका के खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी, दहेज उत्पीड़न और धमकी देने का केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Location : Haridwar
Published : 23 September 2026, 12:07 PM IST