तलाक मांगने पर मिली मौत! देहरादून में पत्नी की हत्या कर शातिर पति रफूचक्कर, जानिए इस हत्याकांड का हैरान करने वाला सच

देहरादून के क्लेमेनटाउन में काजल हत्याकांड में बड़ा खुलासा! कत्ल की वजह सिर्फ पति-पत्नी का विवाद नहीं, बल्कि करोड़ों की संपत्ति और तलाक की अर्जी भी है। पुलिस आरोपी धीरज पंवार का क्रिमिनल रिकॉर्ड खंगाल रही है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 22 September 2026, 10:03 AM IST
google-preferred

Dehradun: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के क्लेमेनटाउन में हुई 26 वर्षीय काजल की सनसनीखेज हत्या की कहानी अब सिर्फ घरेलू कलेश तक सीमित नहीं रही। पुलिस जांच में एक ऐसा चौंकाने वाला एंगल सामने आया है जिसने पूरे मामले का रुख ही मोड़ दिया है। जिस जमीन पर आरोपी पति धीरज पंवार अपनी पत्नी काजल के साथ रह रहा था, वह कोई मामूली जगह नहीं बल्कि देहरादून की करोड़ों रुपये कीमत की एक प्राइम प्रॉपर्टी है।

हैरानी की बात यह है कि इस जमीन के वास्तविक मालिक का कोई अता-पता नहीं है और धीरज इस बेनामी संपत्ति पर मालिकाना हक जताने के लिए पहले से ही कोर्ट में मुकदमा लड़ रहा था।

तलाक की अर्जी और रिश्तेदारों के रोल पर गहराया शक

वारदात से ठीक एक हफ्ते पहले काजल द्वारा कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल करने से धीरज बौखला गया था। पुलिस को शक है कि अगर तलाक हो जाता, तो इस करोड़ों की संपत्ति के केयरटेकर अधिकार और कोर्ट केस पर धीरज की पकड़ कमजोर पड़ जाती।

देहरादून में सनसनीखेज वारदात: पत्नी को गोली मार पति ने खुद पुलिस को किया फोन, बोला- ‘काम हो गया’

इसके अलावा काजल के दोनों भाई भी देहरादून में अलग-अलग जगहों पर जमीनों के केयरटेकर हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है कि आखिर एक ही परिवार को इतनी कीमती जमीनों की कस्टडी कैसे मिली और क्या इस खौफनाक वारदात के तार संपत्ति के किसी बड़े खेल से जुड़े हैं।

पुलिस खंगाल रही है मुजफ्फरनगर का क्रिमिनल रिकॉर्ड

मुजफ्फरनगर के पुरकाजी का रहने वाला आरोपी धीरज कोई सीधा-साधा इंसान नहीं है। पुलिस की शुरुआती छानबीन में सामने आया है कि धीरज के खिलाफ यूपी के मुजफ्फरनगर थानों में पहले से कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।

देहरादून में इंसानियत शर्मसार: मारपीट के बाद दिया तीन तलाक, फिर बहनोई से हलाला का दबाव, सलाखों के पीछे पहुंचा सिरफिरा पति

कत्ल को अंजाम देने के बाद पैदल ही भागते हुए धीरज की तस्वीरें सीसीटीवी में कैद हुई हैं। पुलिस की एसओजी (SOG) टीम आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से अहम सबूत जुटाए हैं, जिससे जल्द ही इस हत्याकांड के पीछे छिपे असली सच का पर्दाफाश होने की उम्मीद है।

Location :  Dehradun

Published :  22 September 2026, 9:59 AM IST

Related News

Advertisement