Nainital News: हल्द्वानी में भाई ने भाई की ली जान, चार घंटे में पुलिस ने किया सनसनीखेज हत्या का खुलासा

हल्द्वानी के राम मंदिर बगीचा क्षेत्र में बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या कर दी। पुलिस ने चार घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मौके से रिवॉल्वर, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल किया गया सामान बरामद किया गया है।

Haldwani: नैनीताल जिले के हल्द्वानी में बरेली रोड स्थित राम मंदिर बगीचा क्षेत्र में देर रात हुई एक सनसनीखेज हत्या ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। छोटे भाई की हत्या की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तेज़ कार्रवाई करते हुए महज चार घंटे में आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया।

भतीजे की तहरीर से हुआ मामले का खुलासा

हत्या का खुलासा तब हुआ जब मृतक के भतीजे अंकित जायसवाल ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर दी। उसने बताया कि बीती रात करीब 11 बजे उसके चाचा संदीप जायसवाल घर पहुंचे और छोटे चाचा सोनू जायसवाल से किसी बात को लेकर मारपीट करने लगे। झगड़ा इतना बढ़ गया कि सोनू को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या का मुकदमा दर्ज, जांच शुरू

तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी संदीप जायसवाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत विवेचना शुरू की और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया तेज कर दी।

हल्द्वानी में EVPL T20 लीग की शुरुआत…पहले ही दिन बिगड़ी, उद्घाटन मुकाबला हुआ रद्द; जानें इसके पीछे की वजह

एसएसपी ने दिए सख्त निर्देश

घटना की जानकारी मिलते ही नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने अपराध के कारणों की गहन जांच और आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद हल्द्वानी पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई।

फोरेंसिक और सीसीटीवी से मिले अहम सुराग

पुलिस टीम के साथ फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिससे पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे और आरोपी तक पहुंचने में मदद मिली।

चार घंटे में आरोपी गिरफ्तार

लगातार दबिश और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपी संदीप जायसवाल को महज चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से 32 बोर का एक रिवॉल्वर और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया लोटा भी कब्जे में ले लिया।

आर्म्स एक्ट में भी दर्ज हुआ मुकदमा

बरामद अवैध असलहे के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी कानूनी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पूछताछ में सामने आई वजह

पुलिस पूछताछ में आरोपी संदीप ने बताया कि छोटे भाई की गंभीर बीमारी और आर्थिक तंगी के कारण घर में लंबे समय से तनाव चल रहा था। इलाज के खर्च से वह मानसिक दबाव में था। घटना वाली रात उसने शराब का सेवन किया हुआ था और गुस्से में आकर भाई से झगड़ा कर बैठा, जो जानलेवा साबित हुआ।

हल्द्वानी में सीएम का दौरा: घर से निकलने से पहले इन रास्तों से बचकर चलें, देखिए ट्रैफिक प्लान

कोर्ट में पेशी की तैयारी

गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है। पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच पूरी गंभीरता से जारी है और किसी भी पहलू को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।

Location : 
  • Haldwani

Published : 
  • 4 February 2026, 7:11 PM IST

Advertisement
Advertisement