हिंदी
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के 7 फरवरी के कुशीनगर दौरे को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। सुरक्षा, हेलीपैड, कार्यक्रम स्थल और योजनाओं की प्रस्तुति पर विशेष जोर दिया गया।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने की तैयारियों की समीक्षा
Kushinagar: कुशीनगर में उप मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए जिला प्रशासन और पुलिस महकमे ने कमर कस ली है। 7 फरवरी को होने वाले उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के जनपद आगमन से पहले विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सुरक्षा से लेकर व्यवस्थाओं तक हर पहलू पर विस्तार से चर्चा हुई।
तीन स्थानों पर प्रस्तावित है उप मुख्यमंत्री का कार्यक्रम
बैठक में जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि उप मुख्यमंत्री का कार्यक्रम जनपद में तीन प्रमुख स्थानों बीबी एकेडमी गाजीपुर, पावानगर और जिला मुख्यालय पर प्रस्तावित है। इन सभी स्थलों पर समय से व्यवस्थाएं पूरी हों, इसके लिए लोक निर्माण विभाग को हेलीपैड, बैरिकेटिंग, वाहन पार्किंग और अन्य जरूरी इंतजाम तय समय सीमा में पूरे कराने के निर्देश दिए गए।

गाजीपुर में होगा हेलीकॉप्टर लैंड, विद्यालय का करेंगे उद्घाटन
प्रशासनिक अधिकारियों को बताया गया कि उप मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर गाजीपुर स्थित हेलीपैड पर उतरेगा। इसके बाद वे बीबी एकेडमी में विद्यालय का उद्घाटन करेंगे और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण करते हुए मंच तक पहुंचेंगे। जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि वे स्वयं स्थलीय निरीक्षण कर कार्यक्रम स्थल की हर व्यवस्था पर नजर रखें। साथ ही संबंधित ग्राम की योजनाओं से जुड़ी बुकलेट तैयार कराने की जिम्मेदारी जिला पंचायत राज अधिकारी को सौंपी गई।
पावानगर में सीमित प्रवेश, लखपति दीदी कार्यक्रम पर फोकस
पावानगर में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने साफ कहा कि सीमित स्थान को देखते हुए केवल संबंधित अधिकारी और प्रतिभागी ही कार्यक्रम स्थल में प्रवेश करेंगे। यहां लखपति दीदी कार्यक्रम और ग्राम चौपाल का आयोजन प्रस्तावित है, जिसमें सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी अनिवार्य होगी।

समीक्षा बैठक और कोर कमेटी मीटिंग भी एजेंडे में
पावानगर कार्यक्रम के बाद उप मुख्यमंत्री पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड से सीधे भाजपा कार्यालय जाएंगे, जहां कोर कमेटी की बैठक में हिस्सा लेंगे। इसके बाद विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों और योजनाओं की समीक्षा बैठक होगी। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभाग की योजनाओं का अद्यतन विवरण बुकलेट में तैयार रखें।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस सतर्क
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने सभी कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, बैरिकेटिंग और लाइन-अप को लेकर संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।