हिंदी
एटा के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में दावत पर जा रहे बाइक सवार युवक को क्रेटा सवार दबंगों ने पहले टक्कर मारी, फिर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। घटना CCTV में कैद, पुलिस ने संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
Symbolic Photo
Etah: एटा में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब सड़क पर चलते आम लोग भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। दावत खाने जा रहे एक बाइक सवार युवक को नामजद दबंगों ने पहले क्रेटा गाड़ी से टक्कर मारी और फिर उसे घेरकर जान से मारने की नीयत से बेरहमी से पीटा। हमले की पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
बाइक में टक्कर मारकर शुरू हुआ हमला
यह पूरी घटना एटा कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के गांव अहमदाबाद में पेट्रोल पंप के पास की बताई जा रही है। पीड़ित युवक बाइक से अपने परिचित की दावत में शामिल होने जा रहा था। तभी क्रेटा गाड़ी सवार नामजद आरोपी वहां पहुंचे और जानबूझकर उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही युवक सड़क पर गिर पड़ा और इसी का फायदा उठाकर आरोपी उस पर टूट पड़े।
लाठी, डंडा, हॉकी और सरिया से की पिटाई
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपियों के हाथों में लाठी, डंडा, हॉकी और लोहे का सरिया था। युवक को चारों ओर से घेरकर उस पर ताबड़तोड़ वार किए गए। युवक चीखता-चिल्लाता रहा लेकिन दबंगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। मारपीट इतनी बेरहमी से की गई कि युवक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा।
बचाने आए दोस्त के साथ भी मारपीट
जब पीड़ित का दोस्त उसे बचाने के लिए बीच में आया तो आरोपियों ने उसे भी नहीं छोड़ा। दोस्त के साथ भी जमकर मारपीट की गई। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने दहशत फैलाने के इरादे से हवाई फायरिंग भी की, ताकि कोई आगे न आए।
CCTV वीडियो के बाद हरकत में पुलिस
घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि किस तरह युवक को पहले टक्कर मारी गई और फिर पीटा गया। घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली देहात पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।