हत्या कर पानी से धोया वारदात स्थल, 2 घंटे तक अस्पताल घूमते रहे आरोपी: देहरादून मर्डर केस में 3 दोस्त गिरफ्तार

देहरादून में कपड़ा व्यापारी इफ्तिखार की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने 3 दोस्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों का दावा है कि दूध पीने की शर्त और कुश्ती के दौरान कांच लगने से मौत हुई, जबकि परिजनों ने साक्ष्य मिटाने और हत्या का आरोप लगाया है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 24 August 2026, 11:19 AM IST
google-preferred

Dehradun: देहरादून के रायपुर क्षेत्र स्थित रक्षा विहार चूना भट्ठा इलाके में एक घटना ने सनसनी फैला दी है। इंदिरा मार्केट में कपड़े की दुकान चलाने वाले 22 वर्षीय इफ्तिखार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, देर रात भोजन करने के बाद इफ्तिखार अपने दोस्त अनस के दफ्तर गया था।

लगभग डेढ़ घंटे बाद लहूलुहान इफ्तिखार को उसके दोस्त अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रथम दृष्टया दोस्तों की कहानी और मौके के हालात में भारी विरोधाभास नजर आ रहा है।

दूध पीने की शर्त और जोर-आजमाइश: आरोपियों का अजीबोगरीब दावा

हिरासत में लिए गए मृतक के तीन दोस्तों आरीश, अनस और जावेद ने पुलिस पूछताछ में एक उलझी हुई कहानी बयां की है। उनके मुताबिक, दफ्तर में बैठने के दौरान इफ्तिखार और अनस के बीच एक-एक किलो दूध पीने की शर्त लगी।

दूध पीने के बाद दोनों ताकत आजमाने के लिए कुश्ती करने लगे। इसी धक्का-मुक्की में संतुलन बिगड़ने से इफ्तिखार कांच के दरवाजे से जा टकराया। दरवाजा टूटने के कारण शीशा उसकी बगल में गहरा धंस गया, जिससे अत्यधिक खून बहने लगा और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

ऑनलाइन डॉक्टर का अपॉइंटमेंट पड़ा महंगा: देहरादून में 14 लाख की बड़ी ठगी, जानिए साइबर अपराधियों का नया पैंतरा

साक्ष्य मिटाने की साजिश: घटनास्थल को पानी से धोने पर गहराया शक

इफ्तिखार के परिजनों ने दोस्तों के इस दावे को सिरे से खारिज करते हुए इसे सोची-समझी साजिश करार दिया है। मृतक के बड़े भाई इंतजार का आरोप है कि धारदार हथियार से वार कर इफ्तिखार की हत्या की गई है।

परिजनों के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी करीब दो घंटे तक घायल को अलग-अलग अस्पतालों में घुमाते रहे, लेकिन परिवार को इसकी भनक तक नहीं लगने दी। सबसे बड़ा संदेह इस बात पर उठ रहा है कि आरोपियों ने वारदात के तुरंत बाद खून और कांच के टुकड़ों को साफ करने के लिए घटनास्थल को पानी से धो डाला।

देहरादून में Rahul Gandhi के दौरे से पहले बड़ा हादसा, कार्यक्रम स्थल पर लोहे का पिलर गिरने से इस बड़े नेता की मौत

फॉरेंसिक जांच पर टिकी गुत्थी: पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने मौके का जायजा लेकर दफ्तर को सील कर दिया है। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर हत्या का मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि फॉरेंसिक साक्ष्यों, चोट के निशानों की मेडिकल रिपोर्ट और क्राइम सीन के वैज्ञानिक पुनर्गठन के आधार पर सच्चाई सामने लाई जाएगी।

Location :  Dehradun

Published :  24 August 2026, 11:19 AM IST

Related News

Advertisement