देहरादून में राहुल गांधी के दौरे से पहले बड़ा हादसा, कार्यक्रम स्थल पर लोहे का पिलर गिरने से इस बड़े नेता की मौत

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के देहरादून दौरे से ठीक पहले कार्यक्रम स्थल पर एक बड़ा हादसा हो गया। रेसकोर्स स्थित सनातन धर्म इंटर कॉलेज मैदान में कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान मंच पर लगा भारी लोहे का पिलर गिर गया जिससे वहां अफरातफरी मच गई।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 16 July 2026, 11:16 PM IST
google-preferred

Dehradun: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया है। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे कांग्रेस नेता अमर सिंह मेहता पर लोहे का पिलर गिर गया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें सीएमआई अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने उपचार के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मंच की तैयारियों के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार कार्यक्रम के लिए मंच और अन्य व्यवस्थाओं का अंतिम चरण चल रहा था। अमर सिंह मेहता कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे थे। इसी दौरान कार्यक्रम स्थल पर खड़ा किया गया लोहे का पिलर गिर पड़ा। जिसके चलते उनकी मौत हो गई। सरकार की ओर से परेड ग्राउंड में कार्यक्रम के आयोजन को अनुमति नहीं मिलने के बाद स्कूल मैदान में कार्यक्रम का आयोजन होना है।

 नैनीताल के हिमालयन बॉटनिकल गार्डन में पहली बार नजर आई ये दुर्लभ प्रजाति, जिसे देखकर वन विभाग भी चौंका

राहुल गांधी का दौरा

कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को देहरादून पहुंचने वाले हैं। वहां वे 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में भाग लेंगे। यहां वे छात्रों से सीधा संवाद करेंगे। कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस की ओर से तैयारियों को पूरा कराया जा रहा था। पार्टी कार्यकर्ताओं का दावा है कि प्रदेश के विभिन्न भागों से कार्यक्रम में भाग लेने छात्र, युवा और अभिभावक देहरादून पहुंच रहे हैं।

राहुल गांधी कार्यक्रम के दौरान छात्रों से सीधा संवाद करेंगे। वे उनकी समस्याओं, सुझावों और भविष्य की अपेक्षाओं पर चर्चा करेंगे। इसमें शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार के अवसरों, युवाओं के पलायन और करियर से जुड़े मुद्दे पर चर्चा होनी है। इससे पहले इस हादसे ने हड़कंप मचा दिया है।

उत्तराखंड में हाई-प्रोफाइल ठगी: पूर्व मुख्य सचिव के बेटे ने रची ऐसी स्क्रिप्ट, खुद पुलिस भी रह गई हैरान!

वरिष्ठ नेताओं के साथ होगी रणनीतिक बैठक

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी दिल्ली से चार्टर्ड विमान के जरिए जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से सड़क मार्ग से देहरादून आएंगे और शाम से पहले एक होटल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी, सह-प्रभारियों, नेता प्रतिपक्ष और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठनात्मक रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।

Location :  Dehradun

Published :  16 July 2026, 11:10 PM IST

Advertisement