हिंदी
यूथ पॉवर एसोसिएशन का 7वां स्थापना दिवस संपन्न
Maharajganj: महराजगंज में यूथ पॉवर एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश का 7वां स्थापना दिवस नगर पालिका परिषद सभागार में उत्साह और गरिमामय माहौल के बीच मनाया गया। कार्यक्रम में समाजसेवी, शिक्षक, युवा और अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान संगठन की सात वर्षों की सामाजिक यात्रा को याद किया गया और भविष्य में समाजहित से जुड़े अभियानों को और मजबूती देने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत और संगठन की उपलब्धियों की जानकारी के साथ हुई। वक्ताओं ने कहा कि युवाओं की भागीदारी से ही समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यूथ पॉवर एसोसिएशन के अध्यक्ष शिव प्रसाद शुक्ला ने कहा कि संगठन ने पिछले सात वर्षों में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार काम किया है। जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता, युवा विकास और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कई अभियान चलाए गए हैं। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य सिर्फ कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज में स्थायी बदलाव लाना है। युवाओं को सही दिशा देने के लिए संगठन आने वाले समय में “युवा विकास केंद्र” स्थापित करने की योजना पर काम कर रहा है।
महराजगंज में डाकघर घोटाले से हड़कंप : गायब हुए 11 लाख रुपये, अधिकारी पर केस दर्ज
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नमामि गंगे के जिला परियोजना अधिकारी अंकित पटेल ने जल संरक्षण की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पानी बचाना सबसे बड़ी चुनौती बन चुका है। आने वाली पीढ़ियों के लिए जल स्रोतों को सुरक्षित रखना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने यूथ पॉवर एसोसिएशन के प्रयासों की सराहना करते हुए युवाओं से जल संरक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति अगर किसी अभियान से जुड़ जाए तो बड़े बदलाव संभव हैं।
वरिष्ठ समाजसेवी और रंगकर्मी देवेश पाण्डेय ने कहा कि यूथ पॉवर एसोसिएशन ने कम समय में समाज में अपनी अलग पहचान बनाई है। संगठन की गतिविधियां युवाओं को समाज से जोड़ने का काम कर रही हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में युवा नेतृत्व विकास, सांस्कृतिक गतिविधियों और सामाजिक जागरूकता अभियानों को और व्यापक स्तर तक पहुंचाने की जरूरत है। इससे गांवों में भी युवाओं की भागीदारी बढ़ेगी।
महराजगंज के डीएम की अफसरों को कड़ी चेतावनी, CM डैशबोर्ड की रैंकिंग में गिरावट पर अल्टीमेटम
युवा कवि और शिक्षक नवीन शुक्ला ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि युवाओं में अध्ययन, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक सोच विकसित करना समय की जरूरत है। उन्होंने पुस्तक पठन संस्कृति को बढ़ावा देने और साहित्यिक गतिविधियों के विस्तार पर जोर दिया। उनका कहना था कि एक जागरूक और शिक्षित युवा ही समाज को सही दिशा दे सकता है।
कार्यक्रम में एहसास नशा मुक्ति केंद्र के निदेशक डॉ. सच्चिदानंद और गोरक्ष हॉस्पिटल के निदेशक विक्रांत तिवारी ने भी अपने विचार रखे। दोनों ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए युवाओं को नशे से दूर रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने स्वास्थ्य जागरूकता, मानसिक स्वास्थ्य और नशा मुक्ति अभियानों में यूथ पॉवर एसोसिएशन के साथ मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देकर समाज को मजबूत बनाया जा सकता है।
Location : Maharajganj
Published : 15 June 2026, 10:41 AM IST
Topics : Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Social Work UP News Youth Development Youth Power Association