हिंदी
शौच को निकला युवक बना मौत का शिकार
Mainpuri: मैनपुरी जिले के कुरावली थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। खेत में पड़े खुले बिजली के तार ने 26 वर्षीय युवक की जान ले ली, जबकि उसे बचाने पहुंचे तीन ग्रामीण भी करंट की चपेट में आकर झुलस गए। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और परिवार में चीख-पुकार गूंज उठी।
घटना ग्राम कोकदा खानापारा की बताई जा रही है। मृतक युवक अवनीश (26) सुबह शौच के लिए खेतों की तरफ गया था। परिजनों का कहना है कि गांव निवासी एक व्यक्ति के खेत की मेड़ के पास झटका मशीन से जुड़ा हुआ एक खुला बिजली का तार पड़ा था, जिसमें करंट दौड़ रहा था। जैसे ही अवनीश वहां पहुंचा, वह सीधे उसकी चपेट में आ गया और बुरी तरह झुलस गया।
मैनपुरी में खौफनाक वारदात: खेत की मेड़ पर बिछा था मौत का जाल, करंट लगने से युवक की मौत
अवनीश की चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। उसे बचाने के लिए प्रवेश (28), विशेष कुमार (27) और कल्याण सिंह (48) भी आगे आए, लेकिन जैसे ही उन्होंने संपर्क किया, वे भी करंट की चपेट में आकर झुलस गए। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।
शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और किसी तरह सभी को करंट से अलग किया गया। इसके बाद घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरावली ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद अवनीश को मृत घोषित कर दिया, जबकि बाकी तीन घायलों का इलाज किया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
मृतक के परिजनों ने घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक के चचेरे भाई दीपू ने कहा कि खेत में लगाए गए झटका मशीन के तार में जानबूझकर करंट छोड़ा गया था और उसे खुला छोड़ दिया गया था। उन्होंने सीधे तौर पर कश्मीर सिंह नाम के व्यक्ति पर लापरवाही और साजिश का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मैनपुरी में करंट से युवक की मौत, बचाने पहुंचे तीन ग्रामीण झुलसे; परिजनों ने लगाया ये आरोप
अवनीश की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। बताया गया कि उसकी शादी करीब छह साल पहले हुई थी। उसके परिवार में पत्नी रुचि, पांच साल का बेटा, मां और एक मानसिक रूप से कमजोर बड़ा भाई है। अवनीश खेती और मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। अचानक हुई इस घटना ने पूरे घर की खुशियां छीन लीं।
थाना प्रभारी निरीक्षक ललित भाटी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Mainpuri
Published : 6 June 2026, 10:23 PM IST