मैनपुरी में खौफनाक वारदात: खेत की मेड़ पर बिछा था मौत का जाल, करंट लगने से युवक की मौत

मैनपुरी के कुरावली में संदिग्ध परिस्थितियों में करंट लगने से 26 वर्षीय युवक अवनीश की मौत हो गई, जबकि उसे बचाने गए तीन ग्रामीण झुलस गए। परिजनों का आरोप है कि खेत की मेड़ पर झटका मशीन के तार में जानबूझकर करंट छोड़ा गया था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 6 June 2026, 5:47 PM IST
google-preferred

Mainpuri : मैनपुरी के कुरावली थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में करंट लगने से एक 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसे बचाने पहुंचे तीन अन्य ग्रामीण भी झुलस गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों ने खेत में जानबूझकर बिजली का करंट छोड़ने का आरोप लगाया है।

घटना ग्राम कोकदा खानापारा की है। मृतक की पहचान 26 वर्षीय अवनीश पुत्र सुरेश चंद्र के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार अवनीश रोज की तरह सुबह शौचक्रिया के लिए खेतों की ओर जा रहा था। आरोप है कि गांव निवासी कश्मीर सिंह पुत्र सियाराम के खेत की मेड के पास झटका मशीन से जुड़ा खुला बिजली का तार पड़ा हुआ था, जिसमें करंट दौड़ रहा था। जैसे ही अवनीश वहां से गुजरा, वह करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।

चीख सुनकर बचाने दौड़े 3 लोग भी झुलसे

अवनीश की चीख-पुकार सुनकर गांव के 28 वर्षीय प्रवेश पुत्र बदन सिंह, 27 वर्षीय विशेष कुमार पुत्र सर्वेश तथा 48 वर्षीय कल्याण सिंह पुत्र अनोखे लाल उसे बचाने के लिए दौड़े। बचाव के प्रयास में तीनों भी करंट की चपेट में आकर झुलस गए। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह सभी को करंट से अलग कराया।

अस्पताल में युवक को घोषित किया मृत

ग्रामीणों और परिजनों की मदद से चारों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरावली ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने अवनीश को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य तीनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। उनकी हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।

Mainpuri : फर्जी दस्तावेजों के सहारे किसान को बनाया भूमिहीन, अब इंसाफ के लिए दर-दर भटक रहा परिवार

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक के चचेरे भाई दीपू ने आरोप लगाया कि खेत पर लगाए गए झटका वाले तार में करंट छोड़ा गया था और खुला तार पड़ा होने के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने घटना के लिए कश्मीर सिंह को जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई की मांग की है। अवनीश की शादी करीब छह वर्ष पहले हुई थी। परिवार में उसकी मां, पत्नी रुचि, पांच वर्षीय बेटा और मानसिक रूप से कमजोर बड़ा भाई हैं। वह खेती और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है और घर में कोहराम मचा हुआ है।

जांच में जुटी पुलिस 

थाना प्रभारी निरीक्षक ललित भाटी ने बताया कि युवक की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Mainpuri

Published :  6 June 2026, 5:47 PM IST

Advertisement