हिंदी
जमीन हड़पने से मचा हड़कंप
Mainpuri : जिले के किशनी थाना क्षेत्र के ग्राम नगला पंचम मजरा रामनगर निवासी रामकुमार पुत्र रामसेवक ने कुछ लोगों पर धोखाधड़ी कर उनकी जमीन हड़पने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने डीएम मैनपुरी को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित रामकुमार का आरोप है कि गांव के ही ओमप्रकाश पुत्र गोपीचंद्र, अवनीश कुमार, अर्चना शाक्य, अरविंद कुमार तथा राधा मोहन ने आपस में मिलीभगत कर उनकी भूमि के संबंध में फर्जी दस्तावेज तैयार कराए और उन्हें नशीला पदार्थ पिलाकर जमीन का बैनामा करा लिया। रामकुमार के अनुसार वह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं तथा कम पढ़े-लिखे होने से आरोपियों ने उनकी सरलता का फायदा उठाया।
पीड़ित ने शिकायत में कहा गया है कि गाटा संख्या 193 की भूमि से संबंधित दो अलग-अलग बैनामे कराए गए। आरोप है कि 4 अप्रैल 2026 और 16 अप्रैल 2026 को हुए बैनामों में फर्जी बैंक लेन-देन दर्शाया गया। पीड़ित का कहना है कि उनके नाम से फिनो पेमेंट्स बैंक में खाता खुलवाकर उसमें आरोपी का मोबाइल नंबर दर्ज कराया गया और उसी के माध्यम से कथित लेन-देन दिखाया गया, जबकि उन्हें किसी प्रकार की धनराशि प्राप्त नहीं हुई।
रामकुमार ने आरोप लगाया कि बैंक खाते और बैनामे में दर्शाई गई एक लाख रुपये की राशि भी उन्हें कभी नहीं मिली। उनका कहना है कि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खाते की जांच में भी ऐसे किसी भुगतान का उल्लेख नहीं मिला। इससे पूरे प्रकरण में धोखाधड़ी और जालसाजी की आशंका और गहरा गई है।
पीड़ित के अनुसार जब उन्होंने आरोपियों से इस बारे में शिकायत की तो उन्हें धमकियां दी गईं और मामला उठाने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई। अब रामकुमार ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों अवनीश कुमार, अर्चना शाक्य, अरविंद कुमार, ओमप्रकाश और राधा मोहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल जिलाधिकारी मैनपुरी को प्रार्थना पत्र सौंप दिया गया है और मामले की जांच की मांग की जा रही है। जिलाधिकारी मैनपुरी ने कहा है कि जांच के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Location : Mainpuri
Published : 4 June 2026, 2:53 PM IST