मैनपुरी में करंट से युवक की मौत, बचाने पहुंचे तीन ग्रामीण झुलसे; परिजनों ने लगाया ये आरोप

मैनपुरी के कुरावली में एक खेत में लगे खुले बिजली के तार ने 26 वर्षीय युवक की जान ले ली। बचाने पहुंचे तीन अन्य ग्रामीण भी झुलस गए। परिवार और ग्रामीण घटना को संदेहजनक मान रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 6 June 2026, 5:07 PM IST
google-preferred

Mainpuri: मैनपुरी के कुरावली थाना क्षेत्र में खेत पर पड़े खुले बिजली के तार की चपेट में आने से 26 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। उसे बचाने पहुंचे तीन अन्य ग्रामीण भी करंट लगने से झुलस गए। परिजनों ने खेत में जानबूझकर बिजली का करंट छोड़ने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरी घटना?

घटना ग्राम कोकदा खानापारा की है। मृतक की पहचान अवनीश (26) पुत्र सुरेश चंद्र के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, अवनीश शनिवार सुबह शौच के लिए खेतों की ओर गया था। आरोप है कि गांव निवासी कश्मीर सिंह पुत्र सियाराम के खेत की मेड़ के पास झटका मशीन से जुड़ा एक खुला बिजली का तार पड़ा हुआ था, जिसमें करंट दौड़ रहा था। इसी दौरान अवनीश उसकी चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।

बचाने पहुंचे युवक चपेट में आए

अवनीश की चीख-पुकार सुनकर उसे बचाने के लिए गांव के प्रवेश (28) पुत्र बदन सिंह, विशेष कुमार (27) पुत्र सर्वेश और कल्याण सिंह (48) पुत्र अनोखे लाल मौके पर पहुंचे, लेकिन बचाव के प्रयास में वे भी करंट की चपेट में आकर झुलस गए। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह सभी को करंट से अलग किया।

सैफई में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद बोले- हमारी लड़ाई पाप से नहीं, बल्कि पाप के बाप से है…

ग्रामीणों और परिजनों की मदद से चारों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरावली ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने अवनीश को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य तीनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत अब सामान्य है।

मृतक के परिजनों ने लगाया आरोप

मृतक के चचेरे भाई दीपू ने आरोप लगाया कि खेत में लगाए गए झटका वाले तार में जानबूझकर करंट छोड़ा गया था और खुला तार पड़ा होने के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने घटना के लिए कश्मीर सिंह को जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। बताया गया कि अवनीश की शादी करीब छह वर्ष पहले हुई थी। परिवार में उसकी मां, पत्नी रुचि, पांच वर्षीय बेटा और एक मानसिक रूप से कमजोर बड़ा भाई हैं। अवनीश खेती और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Gorakhpur : कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं! अवैध रूप से पुतला फूंक रहे छात्रों पर पुलिस का कड़ा एक्शन

थाना प्रभारी निरीक्षक ललित भाटी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Mainpuri

Published :  6 June 2026, 5:07 PM IST

Advertisement