हिंदी
गोरखपुर यूनिवर्सिटी गेट पर भारी बवाल
Gorakhpur: कैंट थाना क्षेत्र के गोरखपुर विश्वविद्यालय गेट परिसर में कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थन में समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला फूंकने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, कार्यकर्ता गोरखपुर विश्वविद्यालय गेट पर एकत्रित होकर विरोध जताने लगे। उन्होंने बैनर-पोस्टर के साथ नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला जलाने की तैयारी शुरू कर दी। अचानक हुए इस प्रदर्शन से इलाके में हलचल मच गई।
मौके पर मौजूद कैंट पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया और पुतला अपने कब्जे में लेकर कार्यकर्ताओं को रोक दिया। पुलिस की सख्ती के बाद पुतला दहन की कोशिश नाकाम हो गई और स्थिति नियंत्रित कर ली गई। पुलिस ने मौके से कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। अन्य प्रदर्शनकारी वहां से हट गए, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बिना अनुमति सार्वजनिक स्थान पर इस तरह का प्रदर्शन और पुतला दहन करना नियमों के विरुद्ध है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस सतर्क बनी हुई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह के अवैध प्रदर्शनों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि शहर में कानून-व्यवस्था बनी रहे।
Location : gorakhpur
Published : 6 June 2026, 4:26 PM IST