देवर पर चढ़ी आंचल भाभी की ऐसी दीवानगी, रामलीला दिखाने के बहाने कर दी भैया की लीला खत्म

मुरादाबाद में प्रेम प्रसंग के शक में एक युवक की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि चचेरे भाई ने रामलीला दिखाने के बहाने युवक को बुलाया, शराब पिलाई और फिर दूसरे साथी के साथ मिलकर लाठी-डंडों से पीटकर मार डाला। पुलिस ने पत्नी समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 21 September 2026, 4:20 PM IST
google-preferred

Moradabad News: मुरादाबाद में रिश्तों के बीच पनपे विवाद ने एक युवक की जान ले ली। डिलारी थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक 36 वर्षीय युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि चचेरे भाई ने रामलीला दिखाने के बहाने युवक को घर से बाहर बुलाया, पहले उसे शराब पिलाई और फिर दूसरे चचेरे भाई के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को गन्ने के खेत में फेंक दिया।

भाभी से प्रेम संबंध को लेकर चल रहा था विवाद

डिलारी थाना क्षेत्र के बमनिया पट्टी गांव निवासी हरनाम उर्फ रिंकू वाल्मीकि की करीब आठ साल पहले आंचल से शादी हुई थी। दोनों के तीन बच्चे हैं। परिवार के मुताबिक, इसी दौरान रिंकू के चचेरे भाई अमित और उसकी पत्नी आंचल के बीच नजदीकियां बढ़ गई थी। परिजनों का आरोप है कि करीब दो साल पहले अमित, आंचल और उसके दो बच्चों को लेकर गांव से चला गया था। दोनों दिल्ली में रहने लगे थे। उस समय रिंकू ने गांव लौटने पर दोनों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही थी, जिसके चलते अमित गांव आने से बच रहा था। हालांकि, समय बीतने के साथ रिंकू ने पुरानी बातों को भुलाना शुरू कर दिया था और वह अमित के भाई शिवम से भी बातचीत करने लगा था। इसी बीच शनिवार रात हुई वारदात ने पूरे परिवार को झकझोर दिया।

रामलीला दिखाने के बहाने घर से ले गया शिवम

रिंकू के पिता राजेश के मुताबिक, पड़ोसी गांव सरकड़ा विश्नोई में रामलीला चल रही थी। शनिवार रात शिवम रामलीला दिखाने के बहाने रिंकू को अपने साथ ले गया था। दोनों शिवम की बहन शीतल के घर भी पहुंचे, जहां आरोप है कि शिवम ने रिंकू को शराब पिलाई। रामलीला खत्म होने के बाद शिवम रिंकू को घर छोड़ने की बात कहकर वहां से निकला। आरोप है कि गांव के बाहर पहले से अमित मौजूद था। इसके बाद दोनों ने मिलकर रिंकू पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी शव को सरकड़ा विश्नोई गांव में मनोज कुमार के गन्ने के खेत में फेंककर फरार हो गए।

सुबह खेत में मिला शव, पुलिस ने शुरू की जांच

रातभर रिंकू के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। उन्होंने शिवम की बहन शीतल से भी जानकारी ली। इसके बाद रविवार सुबह गन्ने के खेत में रिंकू का खून से सना शव मिला। सूचना मिलने पर डिलारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह और सीओ ठाकुरद्वारा आशीष प्रताप सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पत्नी समेत तीन लोगों पर हत्या का केस

मृतक के पिता राजेश की तहरीर पर पुलिस ने रिंकू की पत्नी आंचल, चचेरे भाई शिवम और अमित के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने शिवम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि युवक का शव गन्ने के खेत से बरामद हुआ था। परिजनों की तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही पूरी घटना का खुलासा किया जाएगा।

Location :  Moradabad

Published :  21 September 2026, 4:19 PM IST

Advertisement