हिंदी
दो आरोपी गिरफ्तार
Gorakhpur : जिले के कैम्पियरगंज थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश ने एक बार फिर खून-खराबे का रूप ले लिया। मामूली कहासुनी और पुराने विवाद ने अचानक जानलेवा हमले का रूप ले लिया, जिसमें एक परिवार पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया। इस वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।
घटना 23 मई की बताई जा रही है जब पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि दोनों अभियुक्तों ने एक राय होकर वादी और उसके परिवार पर अचानक हमला बोल दिया। धारदार हथियारों से किए गए इस हमले में पीड़ित पक्ष गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव की कोशिश की लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने थाना कैम्पियरगंज में तहरीर दी, जिसके आधार पर मुकदमा संख्या 259/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 191(3), 115(2), 109, 352 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया।
गोरखपुर में जमीन विवाद ने लिया खूनी रूप, युवक की हत्या में पिता समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
गोरखपुर के कैम्पियरगंज थाना पुलिस ने विशेष अभियान के तहत तेजी दिखाते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक उत्तरी के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी कैम्पियरगंज के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में की गई। लगातार दबिश और सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डेबा पुत्र लवटू और पन्नेलाल पुत्र सन्तलाल के रूप में हुई है। यह लक्ष्मीपुर प्रथम, थाना कैम्पियरगंज क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस ऑपरेशन में उपनिरीक्षक सुधांशु यादव, उपनिरीक्षक अमित सिंह सहित पुलिस टीम के कई जवान शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि इलाके में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में भरोसा और सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।
Location : Gorakhpur
Published : 23 May 2026, 8:25 PM IST