हिंदी
प्रतीकात्मक छवि
Sitapur: सीतापुर जिले के हरगांव थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात सनसनीखेज घटना सामने आई। घर में घुसे पत्नी के कथित प्रेमी को पति और मोहल्ले के लोगों ने जमकर पीट दिया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल है।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।
पुलिस के मुताबिक हरगांव क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला के सेमरीभान गांव निवासी रकीब (35) से कथित संबंध थे। इसकी जानकारी महिला के पति को पहले से थी।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को पति रिश्तेदारी जाने की बात कहकर घर से निकला था। उसने शाम को पत्नी को फोन कर बताया कि वह रात में घर नहीं लौटेगा। इसके बाद महिला ने कथित तौर पर रकीब को घर बुला लिया।
रात करीब 10:30 बजे महिला का पति अचानक अपने एक साथी के साथ घर पहुंच गया। वहां उसने पत्नी और रकीब को कथित आपत्तिजनक हालत में देख लिया।
इसके बाद पति ने रकीब की पिटाई शुरू कर दी और शोर मचाने लगा। आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग भी मौके पर पहुंच गए और युवक को बेरहमी से पीटा।
मारपीट के दौरान महिला भी घायल हो गई। पुलिस के अनुसार महिला का एक हाथ और पैर टूट गया है तथा सिर में भी गंभीर चोट आई है।
वहीं रकीब के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। दोनों को बेहोशी की हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरगांव ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान रकीब की मौत हो गई।
पुलिस पूछताछ में महिला ने दावा किया कि घर में चोर घुसा था, जिसे पति और अन्य लोगों ने पीटा। इसी पिटाई में उसकी मौत हुई।
Balwant Shahi ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Sitapur
Published : 16 May 2026, 8:12 PM IST
Topics : Husband wife murder Sitapur UP News uttar pradesh