हिंदी
Symbolic Photo
Mathura: मथुरा के सुरीर थाना क्षेत्र से पति-पत्नी के रिश्ते को लेकर हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। युवक का कहना है कि शादी के छह साल बाद तक उसकी पत्नी ने उससे कभी शारीरिक संबंध नहीं बनाए और अब बिना तलाक लिए दूसरे व्यक्ति से शादी भी कर ली है।
2020 में हुई थी शादी
पीड़ित युवक के मुताबिक उसकी शादी 20 जून 2020 को हाथरस जिले के चंदपा थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती से हुई थी। शादी के बाद सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन धीरे-धीरे पत्नी का व्यवहार बदलने लगा। युवक का आरोप है कि उसकी पत्नी फरवरी 2026 तक उसके साथ रही, लेकिन उसने कभी वैवाहिक संबंध नहीं बनाए।
युवक का कहना है कि जब भी वह पत्नी से इस बारे में बात करता तो वह कोई न कोई बहाना बनाकर बात टाल देती थी। कई बार उसने धमकी भी दी कि अगर जबरदस्ती की गई तो वह झूठे मुकदमे में फंसा देगी या जान से मरवा देगी।
‘जैसे रह रही हूं वैसे रहने दो’
पीड़ित पति के अनुसार उसकी पत्नी अक्सर कहती थी कि “जैसी रह रही हूं, वैसे ही शांति से रहने दो।” युवक ने बताया कि उसने रिश्ते को बचाने और भविष्य में सब ठीक होने की उम्मीद में लंबे समय तक चुप्पी साधे रखी। इसी वजह से दोनों की कोई संतान भी नहीं हुई। युवक का आरोप है कि समय बीतने के बावजूद पत्नी के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया। उसे शक होने लगा था कि पत्नी का मन कहीं और है और वह किसी दूसरे व्यक्ति के संपर्क में है।
पुलिस बुलाने पर खुला दूसरी शादी का मामला
पीड़ित युवक ने बताया कि करीब तीन महीने पहले उसने मामले की शिकायत पुलिस से की थी। इसके बाद 25 फरवरी को दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया। युवक का कहना है कि इसी दौरान उसे पता चला कि उसकी पत्नी ने अलीगढ के जवां थाना क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति से दूसरी शादी कर ली है। जब उसने पत्नी और उसके परिवार से बिना तलाक दूसरी शादी करने को लेकर सवाल पूछा तो उसे धमकियां दी गईं। युवक का आरोप है कि पत्नी और उसके घरवालों ने कहा कि अगर उसने कहीं शिकायत या रिपोर्ट दर्ज कराई तो पूरे परिवार को झूठे केस में फंसा दिया जाएगा।
Location : Mathura
Published : 15 May 2026, 3:30 PM IST