हिंदी
बदायूं में पुलिस का बड़ा एक्शन,
Badaun: जनपद के अलापुर में गौकशी करने वाले अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अलापुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। ककराला-उसहैत रोड पर देर रात पुलिस और गौकशी के वांछित आरोपी के बीच जमकर फायरिंग हुई। इस मुठभेड़ में पुलिस ने आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया है, वहीं एक हेड कांस्टेबल भी गोली लगने से घायल हुआ है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार थाना अलापुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गौकशी के मुकदमे में लंबे समय से फरार चल रहा वांछित आरोपी तनहीर ककराला-उसहैत रोड की तरफ किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से घूम रहा है। सूचना मिलते ही थाना अलापुर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया।
जैसे ही पुलिस टीम ने संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया, आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने तीन राउंड फायर किए। इसमें हेड कांस्टेबल शिववीर गोली लगने से घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की गोली आरोपी तनहीर के दोनों पैरों में लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने तत्काल उसे घेरकर दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से पुलिस ने एक देसी तमंचा, 4 जिंदा कारतूस और 3 खोखा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा उसके पास से गौकशी में प्रयोग होने वाले उपकरण भी बरामद हुए हैं।
मुठभेड़ में घायल आरोपी तनहीर और घायल हेड कांस्टेबल शिववीर दोनों को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल बदायूं में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी थाना अलापुर में दर्ज गौकशी के मुकदमे में वांछित चल रहा था और लंबे समय से फरार था। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास को भी खंगाल रही है। साथ ही उसके अन्य साथियों की तलाश भी तेज कर दी गई है।
इलाज के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से गौ-तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।
Location : Badaun,
Published : 9 September 2026, 1:10 AM IST