गोरखपुर में ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ का असर! गांव पहुंचे विधायक, जानिए फिर क्या हुआ

गोरखपुर में रोड नहीं तो वोट नहीं’ की होर्डिंग से मचा हड़कंप, ग्रामीणों की सड़क समस्या सुनने पहुंचे विधायक

गोरखपुर : गोला विकासखंड के सड़सड़ा गांव में सड़क की बदहाली को लेकर ग्रामीणों का विरोध आखिरकार जनप्रतिनिधि तक पहुंच गया। ग्रामीणों द्वारा 'रोड नहीं तो वोट नहीं' की होर्डिंग लगाकर जताए गए विरोध का मामला सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मंगलवार को चिल्लूपार विधायक राजेश त्रिपाठी अधिकारियों के साथ गांव पहुंचे।

विधायक ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर पहुंचकर सड़क की स्थिति का निरीक्षण किया।

सड़क की बदहाली से परेशान थे ग्रामीण

विधायक के गांव पहुंचने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में करीब एक किलोमीटर लंबी सड़क लंबे समय से कच्ची पड़ी हुई है। बारिश के दिनों में सड़क पर कीचड़ और जलभराव की समस्या हो जाती है, जिससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती है। ग्रामीणों के मुताबिक, सबसे ज्यादा दिक्कत बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को उठानी पड़ती है।

रास्ता है या झाड़ियों का जाल? गोरखपुर में इस सड़क पर हर मोड़ पर छिपा है खतरा!

ग्रामीणों ने विधायक के सामने रखी सड़क निर्माण की मांग

ग्रामीणों ने विधायक से सड़क को पक्का कराने की मांग की। इसके बाद विधायक ने उपजिलाधिकारी मनीष कुमार समेत संबंधित अधिकारियों के साथ मौके पर जाकर सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि तत्काल सड़क को साफ कर आवागमन योग्य बनाया जाए, ताकि बारिश के दौरान ग्रामीणों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

फसल कटने के बाद होगा स्थायी समाधान

विधायक राजेश त्रिपाठी ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि सड़क की समस्या को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में खेतों में फसल खड़ी होने के कारण तत्काल पक्की सड़क का निर्माण संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि फिलहाल सड़क को अस्थायी रूप से दुरुस्त कर लोगों की आवाजाही सुचारू कराई जाएगी। फसल कटने के बाद सड़क निर्माण के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों में जगी सड़क निर्माण की उम्मीद

विधायक ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। सड़क की समस्या का स्थायी समाधान कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। मौके पर नायब तहसीलदार बालचंद, सहायक विकास अधिकारी संजय कुमार, पंचायत सचिव अच्युतानंद शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। विधायक के आश्वासन के बाद ग्रामीणों में सड़क निर्माण को लेकर उम्मीद जगी है।

Location :  Gorakhpur

Published :  8 September 2026, 8:42 PM IST

Advertisement