सीतापुर में मौसम का कहर: आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से 2 की मौत, 5 घायल; कई जगह पेड़ गिरे

सीतापुर जिले में बुधवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी के साथ बारिश व ओलावृष्टि ने कहर बरपा दिया। कई इलाकों में पेड़ और दीवारें गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 13 May 2026, 8:09 PM IST
google-preferred

Sitapur: सीतापुर जिले में बुधवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी के साथ बारिश व ओलावृष्टि ने कहर बरपा दिया। कई इलाकों में पेड़ और दीवारें गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। कुछ स्थानों पर ओले भी गिरे, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया।

तेज हवाओं के कारण शहर और ग्रामीण इलाकों में कई जगह पेड़ गिर गए, जिससे यातायात बाधित हुआ। एक शॉपिंग मॉल में कांच टूटने की भी सूचना है।

पेड़ गिरने से दो बच्चों पर टूटा कहर

रामपुर मथुरा क्षेत्र के मिश्रन पुरवा में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां बरगद का पेड़ अचानक गिर गया। पेड़ के नीचे पड़ोसी के दो बच्चे दब गए।

इस हादसे में पांच वर्षीय ध्रुव को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं सात वर्षीय शोभित गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज जारी है और उसके पैर में फ्रैक्चर बताया गया है।

भैंस खोलने गए किशोर की भी मौत

इमलिया सुल्तानपुर क्षेत्र के राजेपुर खुर्द में 17 वर्षीय राहुल राठौर आम के पेड़ के पास बंधी भैंस को खोलने गया था, तभी अचानक पेड़ गिर गया और वह उसकी चपेट में आ गया।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।

प्रशासन ने दी आर्थिक सहायता का आश्वासन

तहसीलदार महमूदाबाद उमाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि पेड़ गिरने से हुई मौत की पुष्टि की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी जाएगी।

थोड़ी देर की बारिश, पर भारी नुकसान

तेज आंधी और बारिश कुछ ही देर में थम गई, जिसके बाद धूप निकल आई, लेकिन तब तक कई इलाकों में भारी नुकसान हो चुका था। हालांकि बारिश से गन्ने की फसलों को आंशिक राहत भी मिली है।

Location :  Sitapur

Published :  13 May 2026, 8:09 PM IST

Advertisement