श्रद्धा और भक्ति में लीन दिखे क्रिकेटर: विराट कोहली और अनुष्का पहुंचे अयोध्या, हनुमानगढ़ी और रामलला के किए दर्शन

भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली आज अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ अयोध्या पहुंचे। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 25 May 2025, 1:12 PM IST
google-preferred

अयोध्या: भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली और उनकी पत्नी अभिनेत्री अनुष्का शर्मा आज रविवार को अयोध्या पहुंचे। यहां उन्होंने पहले हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता को मिली जानकारी के अनुसार, इसके बाद फिर दोनों ने राम जन्मभूमि जाकर प्रभु श्रीराम के दरबार में हाजिरी लगाई। दर्शन के दौरान दोनों श्रद्धा और भक्ति में पूरी तरह लीन नजर आए।

भीड़ ने किया स्वागत

जैसे ही विराट और अनुष्का ने राम मंदिर में प्रवेश किया, श्रद्धालुओं ने ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए। दोनों ने हाथ जोड़कर भक्तों का अभिवादन स्वीकार किया। विराट को गले में फूलों की माला, माथे पर त्रिपुंड और हाथ में भगवान की प्रतिमा के साथ भक्तिभाव में डूबा देखा गया।

भावुक दिखे दोनों सितारे

पूरे दर्शन के दौरान विराट और अनुष्का बेहद भावुक और शांत नजर आए। हालांकि उन्होंने मीडिया से दूरी बनाए रखी और किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया। दर्शन पूजन के बाद दोनों सीधे रवाना हो गए।

टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद आध्यात्मिक जीवन की ओर कोहली

टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद विराट कोहली इन दिनों आध्यात्मिक जीवन की ओर अग्रसर दिख रहे हैं। हाल ही में वह वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम गए थे, जहां उन्होंने आशीर्वाद प्राप्त किया। अब उन्होंने राम नगरी अयोध्या में आकर प्रभु श्रीराम के दर्शन किए।

हनुमानगढ़ी में उमड़ी भीड़

कोहली और अनुष्का के आगमन की खबर मिलते ही हनुमानगढ़ी मंदिर पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। फिल्म और क्रिकेट के इन दो चर्चित चेहरों को देखने के लिए स्थानीय लोग और श्रद्धालु बड़ी संख्या में जुटे। इस दौरान प्रशासन को भीड़ नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

पुजारी हेमंत दास ने कराया पूजा-अर्चना

हनुमानगढ़ी मंदिर में पुजारी हेमंत दास ने विराट और अनुष्का को विधिवत पूजा-अर्चना कराई। उन्होंने दोनों को आशीर्वाद भी दिया। दर्शन के बाद दोनों ने मंदिर प्रांगण में कुछ समय ध्यानमग्न होकर बिताया।

वीआईपी कर रहे हैं रामलला के दर्शन

राम मंदिर के भव्य निर्माण और भगवान राम के विराजमान होने के बाद से देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु अयोध्या आ रहे हैं। फिल्म और खेल जगत से जुड़े कई बड़े नाम भी यहां प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद लेने पहुंच रहे हैं। इसी कड़ी में आज विराट कोहली और अनुष्का शर्मा का नाम भी जुड़ गया।

Location : 
  • Ayodhya

Published : 
  • 25 May 2025, 1:12 PM IST

Advertisement
Advertisement