हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (फोटो सोर्स- Pinterest)
Varanasi: जिले के चौबेपुर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसने पूरे गांव को गम में डुबो दिया। पंडापुर गांव के पास एक युवक, जो अपने छोटे भाई की शादी के निमंत्रण कार्ड बांटने निकला था, बाइक समेत नहर में गिर गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शादी की तैयारियों के बीच कोहराम मच गया और खुशियों का माहौल अचानक मातम में बदल गया।
इस हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान 22 वर्षीय अनिल राजभर के रूप में हुई है, जो हरिहरपुर धौरहरा, थाना चौबेपुर का निवासी था। अनिल अपने परिवार में चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। वह पेशे से बाइक मिस्त्री था और मेहनत कर अपने परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था। जानकारी के अनुसार, अनिल की स्वयं की शादी भी पिछले वर्ष हुई थी। उसके छोटे भाई सुनील राजभर की शादी 22 जून को तय थी, जिसकी तैयारियों में पूरा परिवार जुटा हुआ था।
Varanasi News: मासूम की चीखों से कांपा था वाराणसी, अब मिला न्याय; दरिंदे सनोज को ताउम्र जेल की सजा
परिजनों के अनुसार, अनिल अपने छोटे भाई सुनील की शादी के निमंत्रण कार्ड बांटने के लिए अपनी बहन पूजा के घर पंडापुर गांव जा रहा था। जैसे ही वह गांव के पास पहुंचा, अचानक उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सीधे नहर में जा गिरी। बताया जा रहा है कि नहर सूखी थी, लेकिन गहराई और गिरने के कारण अनिल गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। शादी की तैयारियों में जुटा परिवार सदमे में आ गया। मृतक की पत्नी नेहा का रो-रोकर बुरा हाल है और वह बार-बार बेहोश हो रही है। परिवार के अन्य सदस्य भी इस अचानक हुई घटना से गहरे सदमे में हैं। जिस घर में शादी की शहनाइयां गूंजनी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि बाइक अनियंत्रित होकर नहर में गिरने से यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
Location : Varanasi
Published : 19 June 2026, 11:22 AM IST