हिंदी
वंदे भारत पर पत्थरबाजी करने वाले आरोपी गिरफ्तार
Agra: वंदे भारत एक्सप्रेस समेत कई प्रमुख ट्रेनों पर हुई पत्थरबाजी की घटनाओं के बाद जीआरपी आगरा कैंट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रेलवे पुलिस ने पांच मुकदमे दर्ज किए हैं, जबकि तीन मामलों में चार्जशीट भी अदालत में दाखिल कर दी गई है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे।
जीआरपी अधिकारियों के अनुसार पिछले कुछ महीनों में वंदे भारत एक्सप्रेस, खजुराहो-वंदे भारत एक्सप्रेस, कर्नाटक संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, पंजाब मेल और गोंडवाना एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों पर पत्थरबाजी की घटनाएं सामने आई थीं। फरवरी 2026 में आगरा के राजा की मंडी क्षेत्र में वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थर फेंके गए थे। इसके बाद मार्च और अप्रैल में राजा की मंडी तथा रुनकता आउटर क्षेत्र में खजुराहो-वंदे भारत एक्सप्रेस को निशाना बनाया गया। मई में गोंडवाना एक्सप्रेस पर भी पत्थरबाजी की घटनाएं दर्ज की गईं।
इन घटनाओं में ट्रेनों के शीशे टूट गए थे, जिससे कई यात्रियों को चोटें आईं। अचानक हुए हमलों से कोचों में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों के बीच दहशत का माहौल बन गया। रेलवे प्रशासन ने इसे गंभीर सुरक्षा चुनौती मानते हुए तत्काल जांच शुरू कराई थी।
सीओ जीआरपी राजेश दीक्षित के अनुसार जांच के दौरान पांच अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से तीन मामलों में जांच पूरी कर चार्जशीट भी दाखिल की जा चुकी है, जबकि बाकी मामलों में कानूनी प्रक्रिया जारी है।
पत्थरबाजी की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जीआरपी और आरपीएफ ने आगरा रेल मंडल के 10 संवेदनशील स्थलों को चिह्नित किया है। इनमें राजा की मंडी आउटर, खेरिया मोड़, रावली आउटर, आगरा-रुनकता आउटर, अछनेरा-आगरा फोर्ट रेलखंड और आगरा कैंट-ग्वालियर मार्ग के कई हिस्से शामिल हैं। इन इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है और स्थानीय लोगों को भी जागरूक किया जा रहा है ताकि रेलवे संपत्ति और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि ट्रेनों पर पत्थरबाजी की घटनाओं के बाद जीआरपी और आरपीएफ ने संयुक्त अभियान शुरू किया। लगातार निगरानी, गश्त और जनजागरूकता कार्यक्रमों के चलते ऐसी घटनाओं में कमी देखने को मिली है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सबसे पहले है और भविष्य में ऐसी घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Location : Agra
Published : 11 June 2026, 3:55 PM IST