बदायूं में फर्राटा मारकर दौड़ रहे ओवरलोड वाहन, कौन दे रहा इन वाहनों को खुली छूट

शहर में हादसों को रोकने के लिए लागू की गई नो एंट्री व्यवस्था सिर्फ कागजों तक सिमटती नजर आ रही है। यातायात विभाग के सख्त आदेशों के बावजूद शहर की सड़कों पर ओवरलोड और भारी वाहन खुलेआम दौड़ रहे हैं। जिम्मेदारों की कथित लापरवाही के चलते नियमों की धज्जियां उड़ रही हैं।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 11 September 2026, 10:40 PM IST
google-preferred

Badaun: बदायूं शहर में यातायात विभाग ने बड़े हादसों को रोकने के लिए ओवरलोड और भारी वाहनों की नो एंट्री घोषित कर रखी है। शहर के अंदर भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक है, इसके लिए बाकायदा आदेश भी जारी किए गए हैं। लेकिन जमीनी हकीकत इन आदेशों के बिल्कुल उलट नजर आ रही है। प्रभारी की कथित लापरवाही के चलते शहर के बीचों-बीच ओवरलोड वाहन बेखौफ दौड़ रहे हैं।

ताजा मामला थाना सिविल लाइन क्षेत्र का है। यहां पुलिस लाइन चौराहा और कचहरी रोड, जो शहर का सबसे व्यस्त और संवेदनशील मार्ग माना जाता है, पर दिनदहाड़े मिट्टी से ओवरलोड भरी एक ट्रैक्टर-ट्राली फर्राटे भरती हुई दौड़ती नजर आई। इस पूरी घटना का किसी राहगीर ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद यातायात पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

हादसे को न्यौता

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ट्रैक्टर-ट्राली में क्षमता से कई गुना ज्यादा मिट्टी लदी हुई है। मिट्टी ऊंचाई तक भरी होने से कभी भी सड़क पर गिर सकती है और पीछे चल रहे दोपहिया वाहन चालकों के लिए बड़ा खतरा बन सकती है। साथ ही ओवरलोड होने से वाहन का संतुलन बिगड़ने और पलटने का भी डर बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी लापरवाही कभी भी बड़े हादसे को दावत दे सकती है।

गौरतलब है कि प्रशासन द्वारा शहर में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए भारी वाहनों का रूट डायवर्ट किया गया है। शहर में जगह-जगह नो एंट्री के बोर्ड भी लगाए गए हैं। प्रशासन बड़े-बड़े दावे कर रहा है कि शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त कर दिया गया है, लेकिन वायरल हो रहा यह वीडियो उन सभी दावों की पोल खोल रहा है।

नाक के नीचे चल रहा खेल

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इस ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्राली को शहर के अंदर प्रवेश करने और मिट्टी भरकर चलने की परमिशन किसने दी? क्या चालक के पास इसके लिए कोई वैध अनुमति थी या फिर पुलिस की अनदेखी के चलते वह शहर में घुस आया? यह पूरे मामले में जांच का विषय है।

बदायूं में जाम से बेहाल पुलिस लाइन चौराहा, डग्गामार वाहनों के बीच टेंपो चालक ने ट्रैफिक इंस्पेक्टर पर लगाए आरोप

जिम्मेदारों की भूमिका सवालों के घेरे में

इस पूरे प्रकरण के बाद यातायात प्रभारी मनोज कुमार वर्मा की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यातायात प्रभारी द्वारा यातायात व्यवस्था को लेकर अक्सर बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति जस की तस बनी हुई है। यातायात प्रभारी किसी न किसी कारण से आए दिन चर्चाओं में बने रहते हैं।

बदायूं में बाढ़ का कहर, कमिश्नर ने प्रभावित इलाकों का किया दौरा; कई गांवों का संपर्क टूटा, तीन पुलों पर आवाजाही बंद

फिलहाल इस वायरल वीडियो के संबंध में किसी भी अधिकारी का कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। देखना होगा कि वीडियो वायरल होने के बाद विभाग के आला अधिकारी इस पर क्या संज्ञान लेते हैं और लापरवाहों पर क्या कार्रवाई करते हैं।

Location :  Badaun

Published :  11 September 2026, 10:36 PM IST

Advertisement