हिंदी
कमिश्नर ने पहुंचकर बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया (Img: Dynamite News)
Budaun: जिले में गंगा और रामगंगा का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का संकट लगातार गहराता जा रहा है। दातागंज तहसील क्षेत्र में हालात का जायजा लेने के लिए आज कमिश्नर बरेली शंभू कुमार मौके पर पहुंचे। उनके साथ डीएम, एसएसपी और दातागंज एसडीएम समेत प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी स्थिति देखी और लोगों की परेशानियों की जानकारी ली।
कमिश्नर सबसे पहले दातागंज तहसील के भुन्डी गंगा घाट पहुंचे। यहां से बाढ़ और कटान की गंभीर तस्वीर सामने आई। तहसील क्षेत्र का कदम नगला गांव लगभग पूरी तरह गंगा में समा चुका है। गांव के आसपास लगातार कटान हो रहा है, जिसके चलते ग्रामीणों ने अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर शरण ले ली है।
ग्रामीणों का कहना है कि गंगा के लगातार बढ़ते दबाव के कारण उनके सामने घर और जमीन बचाने का संकट खड़ा हो गया है। हालात यह हैं कि जिस गांव में कभी लोगों की चहल-पहल रहती थी, वहां अब गंगा का पानी और कटान दिखाई दे रहा है। बताया गया कि कदम नगला गांव तक प्रशासनिक अमला भी अभी नहीं पहुंच सका है।
ये भी पढ़ें- कार्यक्रम में खाने गई सात वर्षीय मासूम संदिग्ध हालत में अचेत, महराजगंज की इस घटना ने उड़ाई सबकी नींद
दातागंज क्षेत्र में गंगा और रामगंगा दोनों नदियां उफान पर हैं। बाढ़ के पानी के कारण दर्जनों गांवों का तहसील और जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। कई गांवों में स्कूल भी बंद हैं। ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बाढ़ का असर प्रमुख मार्गों पर भी पड़ा है। बदायूं को शाहजहांपुर, बरेली, सीतापुर और लखनऊ से जोड़ने वाले कई रास्तों पर पानी भर गया है। रामगंगा नदी पर बने तीन प्रमुख पुलों से आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इनमें हजरतपुर स्थित रामगंगा पुल, नगरिया खनू का रामगंगा पुल और मुढ़ा गांव का पुल शामिल है। पुलों पर आवागमन बंद होने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
ये भी पढ़ें- Kanpur Dehat News: महिला की कान की बाली छीनने वाले चार टप्पेबाज गिरफ्तार, बड़ी वारदात की फिराक में थे आरोपी
बाढ़ और कटान ने किसानों को भी बड़ा झटका दिया है। सैकड़ों बीघा जमीन और फसल गंगा और रामगंगा की धारा में समा चुकी है, जबकि हजारों बीघा फसल अभी पानी में डूबी हुई है। खेतों में पानी भरने से किसानों के सामने फसल बचाने की बड़ी चुनौती है।
कमिश्नर शंभू कुमार ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर स्थिति की जानकारी ली। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है।
Location : Budaun
Published : 10 September 2026, 6:17 PM IST