बदायूं में जाम से बेहाल पुलिस लाइन चौराहा, डग्गामार वाहनों के बीच टेंपो चालक ने ट्रैफिक इंस्पेक्टर पर लगाए आरोप

बदायूं के पुलिस लाइन चौराहे पर डग्गामार वाहनों, ई-रिक्शा और प्राइवेट बसों की अव्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने जाम और यातायात व्यवस्था प्रभावित होने का आरोप लगाया है। इसी बीच एक टेंपो चालक ने ट्रैफिक इंस्पेक्टर पर अभद्रता और मारपीट के प्रयास का आरोप लगाया है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 10 September 2026, 12:42 PM IST
google-preferred

Budaun: बदायूं जिले में यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। शहर के प्रमुख पुलिस लाइन चौराहे पर डग्गामार वाहन, ई-रिक्शा और प्राइवेट बसें सड़क किनारे और सड़क के बीच खड़ी होने से जाम की स्थिति बनी रहने का आरोप है। स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यस्त चौराहे पर यातायात व्यवस्था संभालने के लिए प्रभावी निगरानी नहीं दिखाई देती।

पुलिस लाइन चौराहे पर जाम से परेशानी

स्थानीय लोगों के मुताबिक पुलिस लाइन चौराहे पर सुबह से शाम तक बड़ी संख्या में डग्गामार वाहन और ई-रिक्शा खड़े रहते हैं। सवारी बैठाने के लिए चालक सड़क पर ही वाहन रोक देते हैं। इससे यातायात प्रभावित होता है और राहगीरों के साथ स्कूली बच्चों को भी परेशानी होती है।

लोगों का आरोप है कि चौराहे पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों के कारण कई बार जाम की स्थिति बनती है। एंबुलेंस और अन्य जरूरी वाहनों को भी रास्ता मिलने में परेशानी होने की बात कही जा रही है।

झूठ का पर्दाफाश और जांच अधिकारी भी रह गए दंग! मिर्ज़ापुर में थानेदार पर बेबुनियाद आरोप लगाने वाला कांस्टेबल सस्पेंड

चालान को लेकर भी उठ रहे सवाल

स्थानीय लोगों का आरोप है कि यातायात पुलिस की कार्रवाई मुख्य रूप से चालान तक सीमित दिखाई देती है। उनका कहना है कि शहर में चल रहे डग्गामार वाहनों और सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जरूरत है।

दूसरी ओर, टेंपो और ई-रिक्शा चालकों का आरोप है कि चालान की कार्रवाई में उन्हें अधिक निशाना बनाया जा रहा है। हालांकि इन आरोपों पर संबंधित विभाग का पक्ष सामने आना बाकी है।

चीखता रहा परिवार, पुलिस ने चुपचाप करा दिया अंतिम संस्कार! जानिए संगरूर के गुलजार सिंह आत्महत्या कांड का कड़वा सच

टेंपो चालक ने ट्रैफिक इंस्पेक्टर पर लगाए आरोप

इसी बीच मंडी समिति चौकी के पास एक टेंपो चालक के साथ कथित अभद्रता का मामला सामने आया है। चालक के मुताबिक ट्रैफिक इंस्पेक्टर मनोज कुमार वर्मा ने उसे रोकने का प्रयास किया। चालक के थोड़ा आगे निकल जाने के बाद पुलिसकर्मियों ने उसे वापस बुलाया।

चालक का आरोप है कि ट्रैफिक इंस्पेक्टर के पास पहुंचने पर उसके साथ गाली-गलौज की गई और जूते से मारने का प्रयास किया गया। चालक ने इस व्यवहार को लेकर नाराजगी जताई है।

एसएसपी से कार्रवाई की मांग

घटना के बाद टेंपो चालकों में नाराजगी बताई जा रही है। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने एसएसपी बदायूं से पुलिस लाइन चौराहे पर यातायात व्यवस्था सुधारने, डग्गामार वाहनों को नियंत्रित करने और ट्रैफिक इंस्पेक्टर पर लगाए गए आरोपों की जांच कराने की मांग की है।

फिलहाल, लगाए गए आरोपों पर संबंधित ट्रैफिक इंस्पेक्टर या पुलिस विभाग का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।

Location :  Budaun

Published :  10 September 2026, 12:42 PM IST

Advertisement