हिंदी
बदायूं में मजार के रास्ते पर बवाल
Budaun News: उत्तर प्रदेश के बदायूं से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। बदायूं के सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव हिंडौरा में मजार तक जाने वाले रास्ते और जमीन को लेकर पुरानी रंजिश ने मंगलवार देर शाम हिंसक रूप ले लिया। दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते-ही-देखते छतों व गलियों से ईंट-पत्थर बरसने लगे। करीब आधे घंटे तक चले पथराव में कई लोग घायल हो गए। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों के अनुसार, यह पूरा विवाद खजूर वाले बाबा की मजार के पास से गुजरने वाले रास्ते को लेकर था। वहीं इस झड़प के दौरान मजार की एक दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई-पुलिस का कहना है कि पैमाइश के दौरान दीवार गिर गई, जबकि दूसरे पक्ष ने दीवार तोड़ने का आरोप लगाया। महत्वपूर्ण बात यह है कि दोनों पक्ष एक ही समुदाय (मुस्लिम) से हैं, जिससे मामला आपसी वर्चस्व और पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है।
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल
मिली जानकारी के अनुसार, पथराव का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें लोग छतों से पत्थर फेंकते और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल साफ दिख रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दबंगों ने पुलिस के सामने भी खुलेआम चुनौती दी और माहौल बिगाड़ने की कोशिश की।
फिलहाल घटना की सूचना पर सहसवान पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। एसएचओ धनंजय सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों से अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गांव में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और माहौल पर नजर रखी जा रही है।
Location : Budaun
Published : 26 March 2026, 2:40 PM IST
Topics : Latest News up crime UP News UP Police