सुबह की चाय से पहले छा गया मातम, बदायूं में अचानक गिरा दो मंजिला घर, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

बदायूं जिले के उझानी थाना क्षेत्र के मीहलाल नगला गांव में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। खेत के किनारे बना दो मंजिला जर्जर मकान भरभरा कर गिर गया।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 13 August 2026, 11:36 AM IST
google-preferred

Budaun: बदायूं जिले के उझानी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। उझानी-भदरौल मार्ग पर स्थित गांव मीहलाल नगला में खेत के किनारे बना दो मंजिला मकान अचानक भरभरा कर गिर गया। मलबे में दबकर एक महिला की मौत हो गई, जबकि घर में बंधी भैंस और उसके बछड़े ने भी दम तोड़ दिया। हादसे के समय मकान के अंदर मौजूद परिवार के अन्य सदस्यों को मामूली चोटें आई हैं।

कैसे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार गांव निवासी प्रताप सिंह और बादाम सिंह दो सगे भाई अपने परिवार के साथ सड़क किनारे खेत में बने इसी दो मंजिला मकान में रहते थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 7 बजे अचानक दीवारों में दरार की आवाज आई और कुछ ही सेकंड में पूरा मकान ढह गया। उस समय अधिकांश लोग निचले हिस्से में ही थे।

ये भी पढ़ें - Budaun: मौत के बाद मायके वालों ने लगाए गंभीर आरोप, जानिए क्यों प्रताड़ित की जा रही थी विवाहिता?

मलबे में प्रताप सिंह की पत्नी, उम्र करीब 40 वर्ष, दब गईं। घर के कोने में बंधी भैंस और उसका बछड़ा भी मलबे की चपेट में आ गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़कर पहुंचे और मलबा हटाने में जुट गए।

पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही उझानी थाना पुलिस और राजस्व टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी की मदद से राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद महिला और दोनों पशुओं के शव मलबे से निकाले गए। घायल हुए अन्य सदस्यों को प्राथमिक उपचार के लिए उझानी सीएचसी भेजा गया, जहां से उन्हें छुट्टी दे दी गई।

थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मकान के काफी पुराना और जर्जर होना हादसे की वजह लग रही है। बरसात के कारण नींव कमजोर हो गई थी, जिससे यह हादसा हुआ। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

परिवार में पसरा मातम

हादसे के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रताप और बादाम सिंह मेहनत-मजदूरी कर परिवार पालते थे। अब घर भी चला गया और घर की महिला भी।

ये भी पढ़ें - Budaun News: हाईटेंशन टावर पर लटका मिला युवक का शव, बिजली लाइन कटवाकर उतारा; जांच में जुटी पुलिस

एसडीएम उझानी ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता और मुआवजे का भरोसा दिलाया गया है। लेखपाल को रिपोर्ट बनाकर शासन को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल पुलिस ने पंचनामा भरकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। गांव में इस घटना के बाद जर्जर मकानों को खाली कराने की मांग भी उठने लगी है।

Location :  Budaun

Published :  13 August 2026, 11:36 AM IST

Related News

Advertisement