हिंदी
जांच में जुटी पुलिस (IMG: Dynamite News)
Budaun: जिले के बिसौली थाना क्षेत्र में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव हाईटेंशन बिजली टावर पर फंदे से लटका मिला। राहगीरों और ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले बिजली विभाग से लाइन बंद कराई, फिर शव को सुरक्षित नीचे उतरवाया। मृतक की पहचान रानेट गोविंदपुर निवासी नन्हें के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत के कारणों की गहन जांच शुरू कर दी है।
घटना बिसौली-सहसवान मार्ग पर फिरोजपुर गांव के पास की है। गुरुवार सुबह ग्रामीणों की नजर हाईटेंशन टावर पर लटक रहे एक शव पर पड़ी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बिसौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बिजली विभाग की मदद से हाईटेंशन लाइन बंद कराई, ताकि शव को सुरक्षित नीचे उतारा जा सके।
रात 2 बजे हुई खटपट, नींद खुली और चल गई गोली, बदायूं में भैंस खोलने आए बदमाशों की फायरिंग से सनसनी
पुलिस ने शव को नीचे उतारने के बाद उसकी पहचान रानेट गोविंदपुर निवासी नन्हें पुत्र पान सिंह के रूप में की। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिवार में घटना के बाद मातम पसरा हुआ है।
घटनास्थल का निरीक्षण सीओ बिसौली के निर्देशन में इंस्पेक्टर कमलेश कुमार मिश्र ने किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर कमलेश कुमार मिश्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतक के परिजनों से पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही उसके मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) भी निकलवाई जाएगी, ताकि घटना से पहले उसकी गतिविधियों और संपर्कों की जानकारी मिल सके।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी। फिलहाल क्षेत्र में शांति है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
Location : Budaun
Published : 6 August 2026, 8:35 PM IST