हिंदी
इलाज के दौरान युवक की मौत (IMG: Dynamite News)
Saharanpur: सहारनपुर में एक प्रेम कहानी का अंत बेहद दर्दनाक मोड़ पर पहुंच गया। शादी के सपने संजो रहे प्रेमी-प्रेमिका ने जब परिवार की नाराजगी के आगे खुद को बेबस पाया तो दोनों ने जहरीला पदार्थ खा लिया। खेत में बेसुध पड़े मिले दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन 19 वर्षीय युवक की जान नहीं बच सकी। युवती अभी जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है। मौके से मिला सुसाइड नोट इस पूरे घटनाक्रम की सबसे अहम कड़ी बन गया है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
घटना सहारनपुर के चिलकाना थाना क्षेत्र के दुमझेड़ा गांव की है। पुलिस के अनुसार, रविवार देर रात युवक अंकुर अपनी प्रेमिका से मिलने गांव पहुंचा था। रात करीब दो बजे उसने अपने एक परिचित को फोन कर बताया कि दोनों ने गांव के बाहर श्मशान घाट के पास जहरीला पदार्थ खा लिया है।
मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान अंकुर की हालत लगातार बिगड़ती गई। उसे चंडीगढ़ रेफर किया गया था, लेकिन परिजन उसे शहर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई। वहीं, युवती का इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला है। प्रारंभिक जांच के मुताबिक यह नोट युवती ने लिखा है। नोट में लिखा गया है कि दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे और शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं था। युवती ने लिखा कि वह अकेले जान दे सकती थी, लेकिन उसे डर था कि परिजन उसके प्रेमी की हत्या कर देंगे। इसी वजह से दोनों ने साथ मरने का फैसला किया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि युवक और युवती रिश्तेदार हैं। पारिवारिक कार्यक्रमों के दौरान दोनों की मुलाकात हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और दोनों शादी करना चाहते थे। दोनों परिवारों के बीच इस संबंध को लेकर बातचीत भी हुई थी, लेकिन युवती के परिजनों ने विवाह के लिए सहमति नहीं दी।
यूपी का कुख्यात बदमाश अहसान सहारनपुर में ढ़ेर, इंस्पेक्टर-सिपाही को भी लगीं गोलियां
पुलिस के मुताबिक, अंकुर चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। परिवार मजदूरी कर अपना गुजारा करता है और अंकुर भी मजदूरी करता था। उसके बड़े भाई की शादी हो चुकी है, जबकि दो छोटे भाई हैं।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। क्षेत्राधिकारी सदर विकास प्रताप सिंह चौहान के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला प्रेम संबंध और पारिवारिक विरोध से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। मौके से मिला सुसाइड नोट जांच का हिस्सा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Saharanpur
Published : 4 August 2026, 12:03 PM IST