हिंदी
कई हिस्सों में पूरी तरह उखड़ चुकी सड़क (IMG: Dynamite News)
Gorakhpur: गोला तहसील क्षेत्र का गोपालपुर-चीनी मिल-दशवतपुर मार्ग इन दिनों लोगों के लिए राहत नहीं बल्कि मुसीबत का रास्ता बन गया है। वर्षों से मरम्मत का इंतजार कर रही यह सड़क अब बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। बरसात ने हालात और खराब कर दिए हैं। सड़क पर जलभराव होने से गड्ढे दिखाई नहीं देते और हर गुजरने वाला वाहन हादसे के खतरे के बीच सफर करने को मजबूर है। लगातार बढ़ती परेशानी से नाराज ग्रामीणों ने अब प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों के मुताबिक गोपालपुर-चीनी मिल-दशवतपुर मार्ग क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। रोजाना हजारों लोग इसी सड़क से स्कूल, बाजार, अस्पताल और अपने कार्यस्थल तक पहुंचते हैं। लेकिन सड़क की जर्जर हालत के कारण हर दिन सफर मुश्किल होता जा रहा है।
गोरखपुर में हैवान बना पति, पत्नी पर फेंका खौलता पानी; हत्या के प्रयास में गिरफ्तार
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति सबसे ज्यादा खराब हो जाती है। गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। ऐसे में दोपहिया वाहन चालक अक्सर हादसे का शिकार हो रहे हैं। वहीं चारपहिया वाहनों को भी बेहद धीमी गति से गुजरना पड़ता है, जिससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी होती है।
ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम कोहड़ी बुजुर्ग के सामने और विशुनपुर समिति से पहले सड़क का बड़ा हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। कई जगहों पर सड़क की गिट्टियां उखड़ गई हैं और रास्ता ऊबड़-खाबड़ हो गया है। जलभराव और कीचड़ के कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है।
गोरखपुर में लोन के नाम पर बड़ा खेल! बाप-बेटी ने बैंक से निकलवाए करोड़ों रुपये, फिर खुला पूरा राज
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की मरम्मत को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लगातार अनदेखी से लोगों में प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
बढ़ती समस्या को देखते हुए अधिवक्ता रामलखन राय और भारतेंदु दुबे ने उपजिलाधिकारी गोला मनीष कुमार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग करते हुए कहा गया कि जर्जर मार्ग के कारण आम लोगों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
Location : Gorakhpur
Published : 4 August 2026, 1:38 PM IST