

उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के चलते तबाही मची हुई है। प्रदेश के कई जिलों से भीषण हादसे के मामले सामने आ रहे हैं। मैनपुरी जिले से भी एक ऐसा ही मामला सामने आया है जहां कच्ची दीवार गिरने से एक मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई।
घटनास्थल की जांच करती पुलिस
Mainpuri: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जनपद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। थाना बिछवा क्षेत्र के गांव फर्दपुर में बारिश के कारण एक कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से 6 वर्षीय बच्ची गुनगुन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मासूम गुनगुन स्कूल से पढ़कर घर लौट रही थी, तभी यह हादसा हुआ। इस घटना ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, गुनगुन पुत्री कमलेश एक सामान्य किसान परिवार से ताल्लुक रखती थी। रोज की तरह वह सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे स्कूल से पढ़कर घर लौट रही थी। गांव में लगातार हो रही बारिश के कारण कई कच्ची दीवारें कमजोर हो चुकी थीं। जैसे ही गुनगुन अपने घर के पास पहुंची, उसी समय एक कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई और वह उसके मलबे के नीचे दब गई।
मैनपुरी में लगातार बारिश के चलते एक कच्ची दीवार गिरने से एक 6 वर्षीय मासूम की दबकर मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया है। सीओ भोगांव सत्य प्रकाश शर्मा ने बताया है कि पुलिस बल के साथ राजस्व टीम को भी मौके पर बुलाया गया था और मौके का जिसका निरीक्षण किया… pic.twitter.com/8pJ2FgUcX2
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) August 6, 2025
मौके पर ही मौत
दीवार के नीचे दबने से गुनगुन की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोग तुरंत दौड़कर पहुंचे और मलबा हटाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बच्ची को तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौके पर लोगों से की गई पूछताछ
सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय
हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी भोगांव सत्यप्रकाश शर्मा पुलिस टीम और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और हालात की जानकारी ली। साथ ही राजस्व विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाकर पूरी स्थिति का जायजा लिया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लिया
पुलिस ने गुनगुन के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मैनपुरी जिला अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
गांव में मातम का माहौल
इस हादसे के बाद पूरे गांव में गहरा शोक फैल गया है। छोटी सी बच्ची की ऐसी दर्दनाक मौत ने हर किसी की आंखों में आंसू ला दिए हैं। गुनगुन अपने परिवार की इकलौती बेटी थी। उसके माता-पिता गहरे सदमे में हैं और परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
क्षेत्राधिकारी ने दी जानकारी
सीओ भोगांव सत्यप्रकाश शर्मा ने मीडिया को बताया कि, “घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। राजस्व विभाग की टीम को भी बुलाकर निरीक्षण कराया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।” गांववासियों और परिजनों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और मुआवजे की मांग की है।