सीतापुर में गुरुवार बना काल: अलग-अलग हादसों में दो बच्चों की डूबकर मौत, गांवों में पसरा मातम

सदरपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुए दो अलग-अलग हादसों में आठ वर्षीय धैर्य वर्मा और 15 वर्षीय प्रेम की डूबने से मौत हो गई। धैर्य मंदिर परिसर के पास तालाब में खिलौना निकालने के दौरान पानी में गिर गया, जबकि प्रेम खेत जाते समय पानी से भरी गहरी खंती में जा गिरा। दोनों घटनाओं के बाद परिवारों में चीख-पुकार मच गई...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 17 September 2026, 6:11 PM IST
google-preferred

Sitapur: सदरपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार का दिन दो परिवारों के लिए कभी न भूलने वाला बन गया। अलग-अलग जगह हुए दो हादसों में पानी ने दो मासूम जिंदगियां छीन लीं। पोखराकलां में आठ वर्षीय धैर्य वर्मा खिलौना निकालने के दौरान तालाब में डूब गया, जबकि शमशाबाद के लोनी गांव में 15 वर्षीय प्रेम खेत जाते समय पानी से भरी गहरी खंती में जा गिरा। ग्रामीणों ने दोनों को पानी से बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसों की खबर मिलते ही दोनों गांवों में मातम पसर गया।

खिलौना निकालने तालाब के पास पहुंचा था धैर्य

पहली घटना पोखराकलां गांव की है। यहां आशीष कुमार का आठ वर्षीय बेटा धैर्य वर्मा मंदिर परिसर में खेल रहा था। खेलते समय उसका खिलौना मंदिर के किनारे बने तालाब में जलकुंभी के बीच जा गिरा। बच्चा खिलौना निकालने के लिए तालाब के किनारे पहुंचा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा।

ग्रामीणों ने पानी में उतरकर निकाला

धैर्य के तालाब में गिरने की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण तुरंत तालाब में उतरे और बच्चे को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। काफी कोशिश के बाद उसे पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

खेत जाते समय खंती में गिरा प्रेम

दूसरा हादसा शमशाबाद क्षेत्र के लोनी गांव में हुआ। यहां 15 वर्षीय प्रेम पुत्र सुमेरीलाल घर से खेत की ओर जा रहा था। रास्ते में खेत के किनारे बनी गहरी खंती में पानी भरा था। अचानक पैर फिसलने से प्रेम खंती में जा गिरा। पानी अधिक होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका और डूब गया।

बचाने की कोशिश भी नहीं आई काम

प्रेम को पानी में गिरता देखकर आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की। ग्रामीणों ने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद लोगों ने पानी में उतरकर किशोर को बाहर निकाला, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

दोनों घटनाओं की सूचना मिलने पर सदरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थलों का जायजा लिया। थाना अध्यक्ष आशुतोष मिश्र ने बताया कि दोनों हादसों की जानकारी मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों घटनाओं के बाद गांवों में शोक का माहौल है और परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Location :  Sitapur

Published :  17 September 2026, 6:02 PM IST

Related News

Advertisement