हिंदी
अब मंडलायुक्त ने संभाली कमान (IMG: Dynamite News)
Gorakhpur: शहर में लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश के बीच जलनिकासी व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट है। शनिवार को मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने नगर निगम की ओर से कराई गई नाला सफाई व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सुमेर सागर से निकलकर इलाहीबाग होते हुए रोहिन नदी में मिलने वाले प्रमुख नाले का पुर्दिलपुर क्षेत्र में सावित्री हॉस्पिटल के सामने जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नाले में पानी के बहाव, सफाई व्यवस्था और आसपास के जलभराव की स्थिति को देखा।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने नगर निगम के अधिकारियों से नाले की सफाई और जलनिकासी की मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने यह भी देखा कि लगातार बारिश के बीच नाले में पानी का बहाव सामान्य रूप से हो रहा है या कहीं किसी तरह की रुकावट तो नहीं है। इसके बाद मंडलायुक्त ने नाले के आसपास रहने वाले मोहल्लेवासियों से सीधे बातचीत की। उन्होंने बारिश के दौरान स्थानीय लोगों को होने वाली परेशानियों और जलभराव से जुड़ी स्थिति के बारे में फीडबैक लिया।
गोरखपुर में फर्जी बैनामे का भंडाफोड़: गगहा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, वांछित आरोपी गिरफ्तार
मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लगातार बारिश को देखते हुए शहर के सभी प्रमुख नालों और जलनिकासी मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि कूड़ा, सिल्ट या किसी दूसरी सामग्री की वजह से नालों में पानी का बहाव बाधित नहीं होना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि कहीं भी जलभराव की सूचना मिलने पर संबंधित टीम तत्काल मौके पर पहुंचे और पानी की निकासी सुनिश्चित करे।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि नालों की सफाई के बाद बाहर निकाली गई सिल्ट और कूड़े को मौके पर ज्यादा देर तक न छोड़ा जाए। उसे तत्काल हटाया जाए, ताकि बारिश के पानी के साथ दोबारा नाले में पहुंचकर जलनिकासी व्यवस्था को प्रभावित न कर सके। उन्होंने जलनिकासी से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने आसपास मौजूद बच्चों से भी बातचीत की और उन्हें टॉफी दी। उनके सहज व्यवहार से मौके पर मौजूद लोगों के बीच सकारात्मक माहौल देखने को मिला।
सुमेर सागर से निकलने वाला यह प्रमुख नाला इलाहीबाग होते हुए रोहिन नदी में मिलता है। यह शहर के बड़े हिस्से की जलनिकासी व्यवस्था से जुड़ा हुआ है। ऐसे में लगातार बारिश के बीच मंडलायुक्त का निरीक्षण जलनिकासी व्यवस्था की निगरानी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। निरीक्षण के दौरान महापौर डॉ. मंगलेंश श्रीवास्तव, डीआईजी रेंज एस. चनप्पा, नगर आयुक्त अजय जैन, अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव समेत नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Location : Gorakhpur
Published : 26 September 2026, 1:50 PM IST