हिंदी
जमीन के विवाद में किसान की संदिग्ध मौत (IMG: Dynamite News)
Bareilly: जमीन के एक विवाद ने हंसते-खेलते परिवार को ऐसे सदमे में डाल दिया कि घर की खुशियां मातम में बदल गईं। 24 एकड़ जमीन को लेकर करीब 15 साल से चल रही कानूनी लड़ाई और कथित मानसिक प्रताड़ना के बीच 55 वर्षीय किसान भगवान सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि किसान ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। लेकिन उनकी मौत के बाद शव के पास मिली एक डायरी ने पूरे मामले को गंभीर बना दिया।
मामला बरेली जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र के पचपेड़ा गांव का है। यहां रहने वाले 55 वर्षीय किसान भगवान सिंह शुक्रवार को उत्तराखंड के बाजपुर में अपने साले के घर जाने के लिए निकले थे। परिजनों के मुताबिक, रास्ते में ही उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। बताया गया कि उन्होंने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया था। तबीयत खराब होने के बाद भगवान सिंह ने खुद अपने साले को फोन कर इसकी जानकारी दी।
भगवान सिंह की मौत के बाद उनके शव के पास एक डायरी मिली। जब डायरी की जांच की गई तो उसमें पांच पन्नों का सुसाइड नोट सामने आया। इस नोट में किसान ने लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद और कथित मानसिक प्रताड़ना का जिक्र किया है। सुसाइड नोट में एक विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति और उनके सहयोगियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। किसान ने अपनी परेशानी जाहिर करते हुए पूर्व कुलपति को न छोड़ने जैसी बात लिखी है।
बरेली में कांग्रेस का ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान तेज, बूथ स्तर पर हर वोट के सत्यापन का मिला लक्ष्य
परिजनों के मुताबिक, भगवान सिंह का परिवार मूल रूप से पंजाब का रहने वाला था। वर्ष 1992 में उनके पिता पंजाब से आकर बहेड़ी क्षेत्र के पचपेड़ा गांव में बस गए थे। गांव में रहने के दो-तीन साल बाद परिवार ने करीब 24 एकड़ जमीन खरीदी थी। परिवार का कहना है कि जमीन खरीदने के बाद भी उसकी दाखिल-खारिज नहीं हो सकी। इसी वजह से जमीन को लेकर विवाद शुरू हो गया। धीरे-धीरे यह मामला इतना उलझ गया कि पिछले करीब 15 वर्षों से परिवार को कानूनी लड़ाई लड़नी पड़ रही थी।
जमीन के विवाद में किसान की संदिग्ध मौत (IMG: Dynamite News)
भगवान सिंह के परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। उनका एक बेटा विदेश में रहता है, जबकि दूसरा बेटा भाग सिंह बहेड़ी कचहरी में वकालत करता है। एसपी उत्तरी संतोष कुमार से बातचीत के दौरान बेटे भाग सिंह ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर दूसरे पक्ष ने हाईकोर्ट में गलत तथ्य पेश किए थे। इसी वजह से उनके पिता मुकदमा हार गए थे। हालांकि, परिवार ने इस फैसले के खिलाफ रिवीजन दाखिल किया था।
किसान की मौत की सूचना मिलने के बाद एसपी उत्तरी संतोष कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली और पूरे मामले को समझा। पुलिस ने शव के पास मिली डायरी और पांच पन्नों के सुसाइड नोट को अपने कब्जे में ले लिया है। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
बरेली एयरपोर्ट पर बड़ा घटनाक्रम: दो बार नाकाम हुई लैंडिंग, दिल्ली से लौटकर शाम को उतरा विमान
इस मामले में पुलिस का कहना है कि परिवार की ओर से अभी तक लिखित शिकायत यानी तहरीर नहीं दी गई है। एसएसपी अनुराग आर्य के मुताबिक, परिजनों से लिखित शिकायत देने को कहा गया है। बताया गया कि परिवार उत्तराखंड से अपने रिश्तेदारों के आने का इंतजार कर रहा था। फिलहाल पुलिस ने सुसाइड नोट को सुरक्षित रख लिया है और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराते हुए जांच शुरू कर दी है।
Location : Bareilly
Published : 21 November 2026, 12:51 PM IST