हिंदी
'मॉल खुले, बाजार बंद क्यों?' (IMG: Dynamite News)
Sultanpur: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल ने शनिवार को सुल्तानपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में व्यापारियों की समस्याओं को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि ऑनलाइन शॉपिंग और बड़े मॉल को बढ़ावा मिलने से छोटे व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने साप्ताहिक बंदी के नियमों में समानता लाने की मांग करते हुए कहा कि यदि स्थानीय बाजार बंद रहते हैं तो यही नियम मॉल और ऑनलाइन कंपनियों पर भी लागू होना चाहिए।
प्रदेश अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल ने कहा कि सरकार की साप्ताहिक बंदी की नीति में समानता नहीं है। उन्होंने कहा कि साप्ताहिक बंदी के दिन स्थानीय बाजार बंद रहते हैं, जबकि बड़े मॉल और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर कारोबार जारी रहता है। यह व्यापारियों के साथ भेदभाव और दोहरे कानून की स्थिति है।
Sultanpur: जलभराव से निजात के लिए युद्ध स्तर पर जुटा प्रशासन
उन्होंने प्रधानमंत्री के "एक देश, एक कानून" के नारे का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि साप्ताहिक बंदी का नियम लागू है तो वह सभी प्रकार के व्यापारिक प्रतिष्ठानों, मॉल और ऑनलाइन कंपनियों पर समान रूप से लागू होना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यापारी किसी भी प्रकार की प्रतिस्पर्धा से नहीं डरते, लेकिन प्रतिस्पर्धा के लिए सभी के लिए समान नियम होने चाहिए।
लोकेश अग्रवाल ने बताया कि वह पूरे प्रदेश का दौरा कर व्यापारियों की समस्याओं को एकत्रित कर रहे हैं। इन समस्याओं को सरकार तक ज्ञापन, मांग पत्र और आवश्यक होने पर धरना-प्रदर्शन के माध्यम से पहुंचाया जाएगा, ताकि व्यापारियों के हितों की रक्षा हो सके।
Sultanpur: पेट्रोल-डीजल की अफवाहों को लेकर बड़ा अपडेट, DSO ने की ये अपील
प्रेस वार्ता में संगठन को मजबूत बनाने, स्थानीय व्यापार को संरक्षण देने और ऑनलाइन कंपनियों व स्थानीय व्यापारियों के लिए समान नियम लागू करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री मनोज अग्रवाल, जिलाध्यक्ष मो. खलीक खान, जिला उपाध्यक्ष निशांत सिंह, उप जिलाध्यक्ष अजय सिंह, नगर अध्यक्ष नितिन अग्रवाल, युवा नगर अध्यक्ष सिद्धांत गुप्ता सहित संगठन के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Location : Sultanpur
Published : 1 August 2026, 7:22 PM IST