हिंदी
देश में गैस को लेकर मची किल्लत (Img: Internet)
Sultanpur: ईरान-इजरायल के बीच तनाव को लेकर देश में गैस को लेकर किल्लत मची है। इस बीच जनपद में पेट्रोल एवं डीजल की उपलब्धता को लेकर फैल रही अफवाहों पर जिला प्रशासन ने कहा कि जिले में ईंधन की किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें तथा घबराकर ईंधन की अनावश्यक खरीदारी न करें।
जिला पूर्ति अधिकारी जीवेश मौर्य ने बताया कि जनपद में पेट्रोल व डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य एवं सुचारु रूप से जारी है। विभिन्न ऑयल कंपनियां IOCL, HPCL, BPCL एवं JIO अपने नेटवर्क के माध्यम से लगातार और बिना किसी बाधा के ईंधन की आपूर्ति सुनिश्चित कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि अगर किसी उपभोक्ता को पेट्रोल या डीजल प्राप्त करने में किसी प्रकार की समस्या आती है, तो वह जिला पूर्ति कार्यालय सुलतानपुर में स्थापित कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9120098526, 7800900041 एवं 9696282871 पर संपर्क कर तत्काल समाधान प्राप्त कर सकता है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि जिले में ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें और सामान्य रूप से ही ईंधन क्रय करें।
जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि गैस की किल्लत की अफवाहों पर ध्यान न दें। घबराकर ईंधन की खरीदारी न करें और प्रशासन का सहयोग करें। वहीं गैस सिलिंडर की किल्लत और जमाखोरी पर लगाम लगाने के लिए तेल कंपनियों ने सॉफ्टवेयर में बड़े तकनीकी बदलाव किए हैं। अब दो सिलेंडर वाले ग्राहकों को रिफिल बुक करने के लिए कम से कम 35 दिनों का इंतजार करना होगा।
वहीं, एक सिलेंडर वाले उपभोक्ताओं के लिए यह समय सीमा 25 दिन तय की गई है। जिला पूर्ति अधिकारी आनंद कुमार के मुताबिक, यह नई व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
Location : Sultanpur
Published : 25 March 2026, 2:07 PM IST