हिंदी
बहन से अभद्रता करने पर मारपीट (Img: Dynamite News)
Sultanpur: सुलतानपुर जिले के लम्भुआ कोतवाली क्षेत्र के रामगढ़ गांव में बहन से कथित गाली-गलौज का विरोध करना दो भाइयों को महंगा पड़ गया। आरोप है कि पांच लोगों ने घर पहुंचकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित महेश पुत्र राजेंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 5 अगस्त 2026 की सुबह करीब सात बजे उनकी बहन विन्दू गांव में स्थित श्रीनाथ के घर के सामने से होकर अपने घर लौट रही थी। आरोप है कि इसी बात को लेकर कुछ देर बाद श्रीनाथ अपने चार बेटों इन्द्रजीत, कल्लू, अमन और शानू के साथ महेश के घर पहुंच गया। पीड़ित का आरोप है कि सभी लोग घर के बाहर खड़े होकर गाली-गलौज करने लगे और विवाद बढ़ाने का प्रयास किया।
यह भी पढ़ें: Sultanpur: 10 अगस्त से सुलतानपुर में शुरू होगा राष्ट्रभक्ति का महासंग्राम, जानिए बीजेपी की पूरी तैयारी
महेश के अनुसार, जब उन्होंने और उनके छोटे भाई उमेश ने गाली देने का कारण पूछा तो सभी आरोपियों ने एकजुट होकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में दोनों भाइयों के सिर पर गंभीर चोटें आईं और वे लहूलुहान हो गए। मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची सुमित्रा को भी चोट लगने की बात सामने आई है।
मारपीट के दौरान शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचने लगे। लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए भेजा गया।
घटना की सूचना मिलने पर लम्भुआ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर श्रीनाथ, इन्द्रजीत, कल्लू, अमन और शानू के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Sultanpur
Published : 6 August 2026, 3:57 PM IST