हिंदी
ताजिया जुलूस 'या हुसैन अलविदा' की सदाओं से गूंजा माहौल (IMG: Dynamite News)
Sultanpur: उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले के चेहल्लुम के अवसर पर मंगलवार को जिले के शिया बाहुल्य क्षेत्रों में अकीदत और गम के साथ ताजिया जुलूस निकाले गए। अमहट समेत जिले के कई इलाकों में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। मजलिस के बाद निकले जुलूस में नौहाखानी और मातम के बीच "या हुसैन अलविदा" की सदाएं गूंजती रहीं। प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए गए।
अमहट में विभिन्न इमामबारगाहों में मजलिस के बाद दोपहर करीब 12 बजे ताजिया जुलूस निकाला गया। अंजुमन जीनतुल अजा, अंजुमन असगरिया, अंजुमन पंजतनी सहित अन्य अंजुमनों के अकीदतमंद नौहा और मातम करते हुए अमहट चौराहे से अमेठी रोड के रास्ते कर्बला पहुंचे। शाम करीब 6:30 बजे ताजियों को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
Sultanpur: मौत या कत्ल? जलाशय में उतराती मिली युवक की लाश, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
पूरे जुलूस के दौरान अकीदतमंदों ने इमाम हुसैन की शहादत को याद करते हुए मातम किया। "या हुसैन अलविदा" की सदाओं से माहौल गूंजता रहा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर सबीलें भी लगाई गईं।
अमहट के अलावा गोराबारिक, तुराबखानी, अलीगढ़, अलीनगर, मेड़ई, खां का पुरवा, ऊंचा, हसनपुर, मनियारपुर, जूड़ूपुर, प्रतापपुर, मनियारी, भाईं, लौहर दक्षिण, पीथापुर, खैराबाद, सैदपुर, हयातनगर, कोटवा, सुरौली, मूंगर, बेलहरी, प्यारेपुर, कादीपुर, सैदखानपुर, चुनहा, करौंदिया, माल्हा, वलीपुर, कारीभीट, इसौली, धवरहरा, ताजखानपुर, अफलेपुर, बंधुआ खुर्द, सरैया, बरूआ, बालचंद पट्टी, सजैया और करीमपुर सहित अनेक क्षेत्रों में चेहल्लुम के कार्यक्रम आयोजित किए गए।
हुसैनी शिया वेलफेयर एसोसिएशन, सुलतानपुर के अध्यक्ष हैदर अब्बास खान ने बताया कि जिलेभर में चेहल्लुम के सभी कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए। वहीं पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं यातायात की समुचित व्यवस्था की गई, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से पूरा हुआ।
Location : Sultanpur
Published : 4 August 2026, 6:29 PM IST