अपराधियों को अब नहीं मिलेगी जगह… सुलतानपुर में बैंकों और एटीएम पर पुलिस का बड़ा अभियान, संदिग्धों से हुई पूछताछ

अगर आप बैंक या एटीएम जाते हैं, तो यह खबर आपके लिए भी अहम है। सुलतानपुर पुलिस ने पूरे जिले में ऐसा अभियान चलाया, जिसमें कई संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच की गई। बैंक सुरक्षा से जुड़े कई पहलुओं की भी पड़ताल हुई।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 4 August 2026, 4:41 PM IST
google-preferred

Sultanpur: सुलतानपुर में मंगलवार को पुलिस ने बैंक ग्राहकों की सुरक्षा और अपराध पर रोक लगाने के लिए जिलेभर में विशेष जांच अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक चारू निगम के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने बैंक शाखाओं, एटीएम और आसपास के संवेदनशील स्थानों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान बिना किसी स्पष्ट कारण बैंक परिसरों के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की गई और संदिग्ध वाहनों की भी सघन जांच की गई।

सीसीटीवी कैमरों की जांच

अभियान के दौरान पुलिस ने बैंक शाखाओं में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता भी परखी। जिन स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत महसूस हुई, वहां संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। पुलिस ने बैंक कर्मचारियों से भी बातचीत कर सुरक्षा संबंधी इंतजामों की जानकारी ली और सतर्क रहने की सलाह दी।

ये भी पढ़ें- देवरिया DM की सख्ती: 10 दिन में होगी सभी गैस एजेंसियों की जांच, 7 दिन से ज्यादा स्टॉक मिला तो कार्रवाई

टप्पेबाजी और लूट जैसी घटनाओं पर रोक लगाने की तैयारी

पुलिस का कहना है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बैंक उपभोक्ताओं को सुरक्षित माहौल देना और टप्पेबाजी, जेबकतरी, लूट व अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाना है। साथ ही असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखकर किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोकना भी इस अभियान का हिस्सा रहा।

ये भी पढ़ें- Video: देवरिया का कचरा घोटाला? करोड़ों का सॉलिड वेस्ट प्लांट बंद, तो आखिर कहां गायब हो रहा शहर का कूड़ा?

सुलतानपुर पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि बैंक या एटीएम के आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। नियमित जांच और सतर्क निगरानी से बैंकिंग व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाने की दिशा में यह अभियान अहम कदम माना जा रहा है।

Location :  Sultanpur

Published :  4 August 2026, 4:41 PM IST

Advertisement