हिंदी
सुल्तानपुर में मौसम का कहर
Sultanpur: जनपद के कुड़वार थाना क्षेत्र के भण्डरा परशुरामपुर पूरब पट्टी गांव में सोमवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी बजरंग सिंह उर्फ बग्गड़ (45) पुत्र सैमड़ सिंह सोमवार को रोज की तरह अपने जानवरों को चराने के लिए गोमती नदी किनारे गए थे। शाम करीब पांच बजे अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई।
इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से बजरंग सिंह गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों के पहुंचने तक उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही कुड़वार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। पुलिस मामले की विधिक कार्रवाई में जुटी है।
मृतक दो भाइयों में बड़ा था। उसकी शादी नहीं हुई थी तथा माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। उसकी असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर गहरा दुख और शोक का माहौल है।
ग्रामीणों ने बताया कि बजरंग सिंह खेती-किसानी और पशुपालन कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। अचानक हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
Location : Sultanpur
Published : 4 August 2026, 6:36 AM IST